दिल्ली से चेन्नई जा रही इंडिगो फ्लाइट के लगेज कंपार्टमेंट में फटा पावरबैंक, यात्रियों की बीच मची अफरा-तफरी, हैदराबाद में इमरजेंसी लैंडिंग; VIDEO

दिल्ली से चेन्नई जा रही इंडिगो की उड़ान 6E6115 में एक यात्री के पावर बैंक में खराबी आने के कारण सामान रखने की जगह से धुआं निकलने लगा, जिससे विमान के अंदर अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पायलटों ने विमान को हैदराबाद की ओर मोड़ा, जहाँ राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उसकी सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।

 
Follow :

दिल्ली से चेन्नई जा रही इंडिगो की एक उड़ान (6E6115) के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विमान के अंदर यात्रियों का सामान रखने वाले रैक से अचानक धुआं निकलने लगा। इस घटना के बाद पायलटों ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को हैदराबाद की ओर मोड़ दिया, जहां राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उसकी सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी यात्री या चालक दल के सदस्य को चोट नहीं आई है।

पावर बैंक में खराबी बनी हादसे की वजह

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार, 11 अक्टूबर 2026 को एयरबस A321-251N विमान ने दिल्ली से चेन्नई के लिए उड़ान भरी थी। सफर के दौरान ही केबिन में एक यात्री के निजी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण यानी पावर बैंक में तकनीकी खराबी आ गई। इसके कारण उससे धुआं उठने लगा, जिसे देखकर विमान में बैठे यात्रियों के बीच कुछ पलों के लिए घबराहट फैल गई।

केबिन क्रू की मदद से बची यात्रियों की जान 

स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए केबिन क्रू ने तुरंत सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया। क्रू सदस्यों ने अग्निशामक यंत्रों का उपयोग कर स्थिति को नियंत्रित किया। इस दौरान कुछ यात्रियों को भी अपने स्तर पर मदद करते हुए देखा गया। विमानन सुरक्षा नियमों को सर्वोपरि रखते हुए पायलटों ने विमान को तुरंत नजदीकी हैदराबाद एयरपोर्ट पर उतारने का निर्णय लिया।

इंडिगो एयरलाइन का आधिकारिक बयान

घटना के संबंध में इंडिगो एयरलाइन ने बयान जारी कर स्पष्ट किया कि उड़ान के दौरान एक निजी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण से धुआं निकलने की समस्या आई थी, जिसे क्रू ने तुरंत संभाल लिया। एयरलाइन ने बताया कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है। हैदराबाद में लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों के लिए चेन्नई जाने हेतु एक वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की गई, साथ ही उन्हें जलपान भी उपलब्ध कराया गया।

हवाई यात्रा में सुरक्षा का संदेश

यह घटना एक बार फिर हवाई यात्रा के दौरान लिथियम-आयन बैटरी और पावर बैंक जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के इस्तेमाल को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। इस तरह के उपकरणों में खराबी आने पर गर्मी और धुएं का खतरा रहता है। यह घटना हमें यह याद दिलाती है कि सफर के दौरान एयरलाइन के सुरक्षा दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करना कितना जरूरी है।

ये भी पढ़ें - यात्री कृपया ध्यान दें...आज शाम 4 बजे तक बंद रहेंगे दिल्ली के ये 6 मेट्रो स्टेशन, इंटरचेंज सुविधा रहेगी चालू; जानिए ट्रैफिक एडवाइजरी
 

Published By : Aarya Pandey

पब्लिश्ड 12 October 2026 at 08:48 IST