तमिलनाडु में दर्दनाक सड़क हादसा, नीम के पेड़ से टकराई तेज रफ्तार कर; एक ही परिवार के 8 लोगों की मौत, CM ने जताया दुख

यात्रियों से भरी कार सड़क किनारे नीम के पेड़ से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

 
Follow :
तमिलनाडु में दर्दनाक सड़क हादसा, नीम के पेड़ से टकराई तेज रफ्तार कर; एक ही परिवार के 8 लोगों की मौत, CM ने जताया दुख | Image: X

तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली जिले में रविवार को एक भीषण सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, यात्रियों से भरी कार सड़क किनारे नीम के पेड़ से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

हादसा शाम करीब 4:05 बजे जंबुनाथपुरम पुलिस थाना क्षेत्र के कोथुरपट्टी फोर रोड्स के पास हुआ। कार में कुल 10 लोग सवार थे। सभी लोग नामक्कल जिले के एरुमापट्टी में कान छिदवाने के एक समारोह में शामिल होकर तंजावुर जिले के तिरुकट्टुपल्ली लौट रहे थे।

मृतकों की हुई पहचान

मृतकों की पहचान ए. मणिकम (50), ए. शक्तिवेल (42), जी. मुरुगन (38), ए. राजेश (35) और जी. सुब्रमणि (39), एस. सांगिली (48), एस. पावादाई (50) और टी. सीतारामन (19) के रूप में हुई है। घायलों के नाम सी. रामलिंगम (45) और आर. रामर (40) हैं। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने हादसे पर शोक व्यक्त किया और अधिकारियों को घायलों के उचित इलाज की व्यवस्था करने का निर्देश दिया है।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्या कार्रवाई की?

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन और सड़क पर मौजूद बाधाओं को हटवाकर यातायात सामान्य कराया। इसके बाद मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल हादसे की वजह स्पष्ट नहीं हुई है। यह भी जांच की जा रही है कि वैन किस कारण सड़क से उतरी और पेड़ से टकराई। जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।

राजस्थान में भी श्रद्धालुओं की गाड़ी ट्रक से टकराई, 9 की मौत

रविवार को ही राजस्थान के कोटा में भी एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। यहां श्रद्धालुओं को लेकर जा रही गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में बच्चों समेत एक ही परिवार के कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। बताया गया है कि सभी लोग सीकर जिले में खाटू श्याम जी के दर्शन करने के बाद महाराष्ट्र लौट रहे थे।

टक्कर के बाद घायलों को इलाज के लिए आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इस तरह रविवार को तमिलनाडु और राजस्थान में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में कुल 17 लोगों की जान चली गई।

इसे भी पढ़ें- Agniveer Marriage Rule: अग्निवीरों के लिए बड़ी खुशखबरी, दूसरे कार्यकाल में कर सकेंगे शादी, लेकिन है एक शर्त; मैटरनिटी पर भी आने वाली है अच्‍छी खबर

Published By : Ankur Shrivastava

पब्लिश्ड 22 November 2026 at 21:42 IST