अपडेटेड 28 January 2025 at 08:11 IST

दिल्ली के बुराड़ी में इमारत ढहने से 7 साल की मासूम की मौत, 12 लोग घायल; मनोज तिवारी बोले- दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा

Building Collapse in Delhi: दिल्ली के बुराड़ी में सोमवार, 27 फरवरी की शाम एक इमारत भरभराकर ढहने से 7 साल की बच्ची राधिका की मौत हो गई है।

Follow :  
×

Share


Building Collapse in Delhi | Image: ANI

Building Collapse in Delhi: दिल्ली के बुराड़ी में सोमवार, 27 फरवरी की शाम एक इमारत भरभराकर ढहने से 7 साल की बच्ची राधिका की मौत हो गई है। मलबे में लगभग 20 से 22 लोगों के दबे होने की आशंका है। वहीं 12 लोगों को रेस्क्यू किया गया है। अब इस घटना पर बीजेपी सांसद मनोज तिवारी की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने इसे 'बड़ी लापरवाही' बताते हुए कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

जानकारी के मुताबिक, बुराड़ी के कौशिक एन्क्लेव में चार मंजिला इमारत गिरने से कई लोग दब गए थे जिन्हें अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। अब तक 13 लोगों को इलाज के लिए लाया गया जिसमें 7 साल की बच्ची राधिका की मौत हो गई। बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं 12 लोग घायल हैं जिनका इलाज चल रहा है। डॉक्टर की मानें तो इसमें 5 घायलों को ट्रामा में भर्ती कराया गया है।

कोई शक नहीं कि बड़ी लापरवाही हुई- मनोज तिवारी

मनोज तिवारी बुराड़ी में कौशिक एन्क्लेव पहुंचे जहां 200 गज क्षेत्र में हाल ही में बनी 4 मंजिला इमारत ढही। घटनास्थल पहुंचे तिवारी कहते हैं कि बड़ी चूक हुई है जो भी जिम्मेदार होगा उसे बख्शा नहीं जाएगा।

मनोज तिवारी ने कहा, '...इसमें कोई शक नहीं कि बड़ी लापरवाही हुई है। एक नवनिर्मित चार मंजिला इमारत गिरी है... जो भी जिम्मेदार होगा उसे बख्शा नहीं जाएगा...।'

बुराड़ी हादसे के घायलों की लिस्ट

बुराड़ी हादसे में जिन 12 लोगों को रेस्क्यू कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है उनके नाम सामने आए हैं। घायलों के नाम हैं- संजय (28), कृष्णा (30), ज्ञानु (27), रजनी (26), सिमरन (10), खुशी  (80), लल्लू (40), सविता (32), सोनिया (16), प्रियंका (14), आकांक्षा (6) और अजय (5)।

बुराड़ी में इमारत गिरने की घटना को दुखद- CM

दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने बुराड़ी में इमारत गिरने की घटना को बेहद दुखद बताया। उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि मैंने स्थानीय प्रशासन से तेजी से राहत और बचाव कार्य सुनिश्चित करने के लिए बात की है। प्रभावित लोगों को हर संभव मदद मुहैया कराई जाएगी।

अरविंद केजरीवाल ने दिए ये निर्देश

वहीं पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा, 'यह घटना बेहद दुखद है। बुराड़ी से हमारे विधायक संजीव झा को निर्देश दिया गया है कि वे पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ तुरंत वहां जाएं और राहत एवं बचाव कार्य में प्रशासन की मदद करें। साथ ही स्थानीय लोगों की भी हर संभव मदद करें।'

हादसे पर क्या बोली पुलिस?

दिल्ली पुलिस ने बताया कि उन्हें 27 जनवरी की शाम करीब सात बजे सूचना मिली कि ऑस्कर पब्लिक स्कूल के पास 200 वर्ग गज में फैली एक इमारत ढह गई है। बयान के मुताबिक, शाम 6:58 मिनट पर पुलिस को हादसे की सूचना मिली। जिसके बाद पुलिस, अग्निशमन, डीडीएमए (दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण) और एनडीआरएफ (राष्ट्रीय आपदा मोचन बल) के कर्मी मौके पर पहुंचे। अब तक 12 लोगों को निकाल कर नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है। राहत औऱ बचाव कार्य जारी है।

यह भी पढ़ें: दिल्ली में सियासत तेज... यमुना के पानी में ज्यादा अमोनिया का दावा, AAP पर बरसे CM सैनी; दिल्ली जल बोर्ड ने दिया ये जवाब
 

 

 

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 28 January 2025 at 08:08 IST