Bihar: दरभंगा में दो समुदायों के बीच झड़प मामले में 6 लोग गिरफ्तार, मंदिर से लौट रही महिलाओं पर हुआ था पथराव

बिहार के दरभंगा जिले में दो समुदायों के सदस्यों ने कथित तौर पर एक-दूसरे पर पथराव किया। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।उन्होंने बताया कि यह घटना कुशेश्वरस्थान पुलिस थाना क्षेत्र के केवटगामा पचियारी गांव में हुई।

Follow :  
×

Share


दरभंगा में दो समुदायों के बीच झड़प मामले में 6 लोग गिरफ्तार | Image: Representative

बिहार के दरभंगा जिले में दो समुदायों के सदस्यों ने कथित तौर पर एक-दूसरे पर पथराव किया। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह घटना कुशेश्वरस्थान पुलिस थाना क्षेत्र के केवटगामा पचियारी गांव में हुई। घटना उस समय हुई जब रविवार शाम को एक प्रार्थना सभा के बाद लोगों का एक समूह लौट रहा था। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण-दरभंगा) आलोक ने बताया कि स्थिति पर तत्काल काबू पा लिया और घटना में किसी के चोटिल होने की सूचना नहीं है।

 

उन्होंने बताया कि पुलिस ने अब तक घटना के सिलसिले में छह लोगों को गिरफ्तार किया है और 45 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘यह घटना उस समय हुई जब एक समुदाय के लोगों ने कलश शोभा यात्रा से लौट रहे दूसरे समुदाय के लोगों पर छतों से पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि मामूली झड़प भी हुई। एक अफवाह फैली कि एक मुर्गी को लाठी से पीटा गया है जिसके कारण कथित तौर पर यह घटना हुई। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में किया। घटना में किसी के चोटिल होने की सूचना नहीं है।’’

 झड़प मामले में 6 लोग गिरफ्तार

उन्होंने कहा, ‘‘ हमने दोनों पक्षों के उपद्रवियों की पहचान कर ली है। 45 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है...और छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अब स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है...क्षेत्र में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।’’ उन्होंने कहा कि इलाके में सांप्रदायिक सौहार्द सुनिश्चित करने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा स्थिति पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

 

यह भी पढ़ें: Bihar: मंदिर से लौट रहे भक्‍तों पर पथराव के बाद दो समुदायों में झड़प

Published By : Rupam Kumari

पब्लिश्ड 31 March 2025 at 14:53 IST