अपडेटेड 28 September 2025 at 20:32 IST
Karur Stampede Tragedy : अब तक 40 लोगों की मौत, अस्पताल में घायलों से मिलने पहुंचे के. अन्नामलाई
अभिनेता से राजनेता बने Vijay की रैली में मची भगदड़ में मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 40 तक पहुंच गया है। BJP नेता के. अन्नामलाई ने घायलों से अस्पताल में मुलाकात की और DMK सरकार पर सुरक्षा व्यवस्था में घोर लापरवाही का आरोप लगाया।
Karur Stampede : तमिलनाडु के करूर जिले में अभिनेता से राजनेता बने जोसेफ विजय चंद्रशेखर (Vijay) की तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) की राजनीतिक रैली के दौरान भगदड़ मच गई। इस हादसे में अब तक कम से कम 40 लोगों की जान चली गई और करीब 140 लोग घायल हैं। शनिवार रात अस्पताल ले जाए जाने तक 36 लोग मर चुके थे और बाद में चार और लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 9 बच्चे भी शामिल हैं।
यह घटना शनिवार (27 सितंबर 2025) को हुई। अनुमान के मुताबिक TVK प्रमुख विजय की रैली में 30 हजार से अधिक समर्थक शामिल हुए थे। अचानक भीड़ में अफरा-तफरी मच गई, जिससे भगदड़ की स्थिति बन गई। राज्य सरकार ने इस मामले में जांच के आदेश दे दिए हैं, लेकिन विपक्षी दलों ने इसे प्रशासन की विफलता करार दिया है। तमिलनाडु में BJP के प्रमुख नेता के. अन्नामलाई ने रविवार को घायलों से अस्पताल में मुलाकात की। उन्होंने इस घटना को बहुत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए स्थानीय प्रशासन और DMK सरकार पर सुरक्षा व्यवस्था में घोर लापरवाही का आरोप लगाया।
अन्नामलाई ने उठाए सवाल
अस्पताल पहुंचने पर अन्नामलाई ने घायलों से बात की और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, "यह एक बेहद दुखद घटना है। 40 निर्दोष लोगों की जान चली गई, जो तमिलनाडु के इतिहास में किसी राजनीतिक रैली में पहले कभी नहीं हुआ। यह पूरी तरह स्थानीय प्रशासन की गलती है। सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना है, लेकिन कल वह इसमें पूरी तरह विफल रही। रैली में 30 हजार लोग थे, लेकिन केवल 500 पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे, जिनमें से 400 तकनीकी स्टाफ थे। ऐसी स्थिति में लोगों की सुरक्षा की कैसे उम्मीद की जा सकती है?"
अन्नामलाई ने DMK सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि राज्य में सुरक्षा व्यवस्था की पुरानी समस्या है और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए। उन्होंने मांग की कि पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाए और घटना की निष्पक्ष जांच हो।
इस बीच, TVK प्रमुख विजय ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने एक बयान में कहा, "मेरा दिल टूट गया है। इस त्रासदी से मैं बेहद दर्द और शोक महसूस कर रहा हूं।" पार्टी ने आरोप लगाया कि अचानक बिजली कटौती और पुलिस की लाठीचार्ज ने स्थिति को बिगाड़ा, जबकि पुलिस ने इन आरोपों से इनकार किया है। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने भी घटना पर शोक जताया और जांच समिति गठित करने का ऐलान किया।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 28 September 2025 at 20:32 IST