हवा में उछली 200 KMph की स्पीड से BMW कार, रेलिंग तोड़ गिरी ब्रिज से नीचे; 3 लोगों की मौके पर मौत, कंपा देगा मुंबई के इस हादसे का VIDEO
मुंबई में कोस्टल रोड ब्रिज से एक तेज रफ्तार BMW कार नीचे गिर गई। हवा में उड़ती कार जैसे ही जमीन से टकराई, उसके परखच्चे उड़ गए। एक्सीडेंट में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक शख्स गंभीर रूप से घायल हो गया।
- भारत
- 3 min read
मुंबई में कोस्टल रोड ब्रिज से एक तेज रफ्तार BMW कार नीचे गिर गई। हवा में उड़ती कार जैसे ही जमीन से टकराई, उसके परखच्चे उड़ गए। एक्सीडेंट में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक शख्स गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि BMW ब्रिज से गिरती है और जमीन से जोरदार टक्कर लगने से चकनाचूर हो जाती है।
पुलिस के अनुसार, कार मरीन ड्राइव से हाजी अली की ओर कोस्टल रोड पर जा रही थी। तेज रफ्तार के कारण यह हादसा हुआ था। हादसे की सूचना 20 सितंबर 2026 को सुबह 5:20 बजे कोस्टल रोड कंट्रोल रूम से मिली थी। हादसा कोस्टल रोड पर लाला कॉलेज के सामने, लोटस जेट्टी के पास हुआ था।
अस्पताल से मिली जानकारी के मुताबिक, 20 वर्षीय एक अज्ञात युवक ट्रॉमा वार्ड में भर्ती था और उसकी हालत गंभीर थी। 21 वर्षीय शनाय गज्जल को अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित कर दिया गया था। 17 वर्षीय धिर्या सेठ को भी मृत घोषित कर दिया गया था। वहीं, 25 वर्षीय एक अज्ञात व्यक्ति को भी अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित कर दिया गया था।
200 किलोमीटर प्रतिघंटा थी कार की रफ्तार
पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, BMW की रफ्तार 200 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा थी। तेज रफ्तार के कारण चालक ने कार से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद कार सड़क के डिवाइडर और कोस्टल रोड के किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में शामिल BMW का रजिस्ट्रेशन नंबर DD01-C-6302 है। यह गाड़ी दादरा और नगर हवेली में रजिस्टर्ड है और फाल्गुन गजर के नाम पर है। मामले की आगे की जांच ताड़देव पुलिस कर रही है।
कोस्टल रोड पर करीब 100km प्रति घंटे की स्पीड से चलती है गाड़ियां
मुंबई कोस्टल रोड करीब 10.58 किलोमीटर लंबी हाई-स्पीड सड़क है। यह साउथ मुंबई के मरीन ड्राइव को बांद्रा-वर्ली सी लिंक के वर्ली छोर से जोड़ती है। हाई-स्पीड सड़कों पर गाड़ियों की अधिकतम गति सीमा आमतौर पर 80 से 120 किलोमीटर प्रति घंटा या उससे अधिक होती है।
कोस्टल रोड की सुरंग में कारों की रेस का दर्ज हुआ था मामला
इससे पहले 3 सितंबर को मुंबई पुलिस ने एक वायरल वीडियो का संज्ञान लिया था। वीडियो में मरीन ड्राइव से दक्षिण दिशा में जाने वाले कोस्टल रोड की सुरंग के भीतर लग्जरी और तेज रफ्तार कारों को खतरनाक तरीके से दौड़ाते और रेस करते हुए दिखाया गया था। इस मामले में कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 20 September 2026 at 14:10 IST