ठाणे में बिजली कंपनी के कर्मचारियों पर हमला, तीन लोग गिरफ्तार
घटना उस समय हुई जब एमएसईडीसीएल की टीम भिवंडी तालुका के कुंडे गांव में निरीक्षण करने पहुंची। निरीक्षण के दौरान टीम को बिजली चोरी के कई मामले मिले।
- भारत
- 2 min read
Thane News: महाराष्ट्र के ठाणे जिले में निरीक्षण के दौरान महाराष्ट्र राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (एमएसईडीसीएल) के कर्मचारियों पर हमला करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
यह घटना शुक्रवार को उस समय हुई जब एमएसईडीसीएल की टीम भिवंडी तालुका के कुंडे गांव में निरीक्षण करने पहुंची।
गणेश पुलिस थाने के निरीक्षक संदीपन सोनवणे ने बताया कि निरीक्षण के दौरान टीम को बिजली चोरी के कई मामले मिले। उन्होंने पाया कि करीब आधा दर्जन घरों में बिजली के मीटर नहीं लगे थे। एमएसईडीसीएल कर्मियों ने नियमों के तहत अवैध बिजली आपूर्ति को बंद कर दिया और बिजली कनेक्शन के तार हटा दिए।
एक अधिकारी ने बताया कि इस कार्रवाई से कुछ लोग नाराज हो गए और उन्होंने एमएसईडीसीएल कर्मियों से दुर्वयवहार किया और उन पर हमला कर दिया।
इसके बाद, एमएसईडीसीएल टीम ने गांव के पंचायत अधिकारियों से संपर्क किया, लेकिन आरोपी अन्य ग्रामीणों के साथ वहां भी पहुंच गए और दोबारा मारपीट की जिससे कुछ कर्मचारियों को चोटें आईं।
एमएसईडीसीएल टीम की शिकायत के आधार पर पुलिस ने शनिवार को तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया और आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने बताया कि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
यह भी पढ़ें: बदल जाएगी उत्तर प्रदेश पुलिस की वर्दी, लाखों पुलिसकर्मियों के लिए DGP दफ्तर से जारी हुआ आदेश
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 3 March 2025 at 12:37 IST