Today in History: सिखों को सदियों तक मिला रिसने वाला जख्म, 1 नवंबर का इतिहास...
Today History: देश दुनिया के इतिहास में एक नवंबर की तारीख पर दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाएं दर्ज है। जानिए आज का इतिहास...
- भारत
- 4 min read
1 November History: एक नवंबर का दिन इतिहास में दो बड़ी घटनाओं के साथ दर्ज है। 31 अक्टूबर को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की उनके सिख अंगरक्षकों द्वारा हत्या के बाद, देश की राजधानी सहित कई इलाकों में एक नवंबर 1984 को दंगे भड़क उठे और सिख समुदाय को एक ऐसी टीस दे गए, जिसका दर्द आने वाली कई पीढ़ियों को सालता रहेगा।
एक नवंबर का दिन एक खूबसूरत वजह से भी इतिहास में दर्ज है। इस दिन ऐश्वर्या राय का जन्म हुआ था। कर्नाटक शहर के मंगलूर में एक नवंबर 1973 को जन्मी ऐश्वर्या 1994 में मिस वर्ल्ड बनीं और उसके बाद बॉलीवुड में खूब नाम कमाया।
देश दुनिया के इतिहास में एक नवंबर की तारीख पर दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-
1604 : विलियम शेक्सपीयर की अमर रचना ‘‘ओथैलो’’ का लंदन के व्हाइटहाल पैलेस में पहली बार मंचन किया गया।
1755 : लिस्बन में भूकंप ने भारी तबाही मचाई। 9000 से ज्यादा इमारतें ढह गईं और 30 हजार लोगों की मौत हुई।
1765 : ब्रिटेन और उसके उपनिवेशों में स्टैंप एक्ट लागू किया गया और यह तमाम वाणिज्यिक और कानूनी कागजों पर सीधे कर लगाकर राजस्व एकत्र करने का ब्रिटिश संसद का पहला प्रयास था।
1858 : ब्रिटिश राजशाही ने भारत का प्रशासन ईस्ट इंडिया कंपनी से अपने हाथ में ले लिया और उस समय के गवर्नर जनरल को वायसराय की पदवी दी गई, जो देश की आजादी तक कायम रही।
1881 : कलकत्ता ट्रॉमवे कंपनी ने सियालदाह-अर्मेनियन घाट ट्रैक पर घोड़े से चलने वाली पहली ट्रॉम चलाई।
1913 : तारक नाथ दास ने सान फ्रांसिस्को में गदर आंदोलन की शुरूआत की।
1950 : चितरंजन रेल कारखाने में भारत का पहला भाप का इंजन बनकर तैयार हुआ।
1950 : प्यूर्तो रिको के राष्ट्रवादी और नेशनल लिबरेशन आर्म्ड फोर्सेस के सदस्यों ने अमेरिका के राष्ट्रपति हैरी एस ट्रूमन की हत्या का असफल प्रयास किया।
1952 : अमेरिका ने मार्शल आइलैंड्स में पहला हाइड्रोजन बम विस्फोट किया।
1954 : फ्रांस के कब्जे वाले भारतीय इलाकों पांडिचेरी, कराइकल, माहे और यानोन को भारत सरकार के सुपुर्द किया गया।
1956 : दिल्ली को केन्द्रशासित क्षेत्र का दर्जा दिया गया। इसी तरह अंडमान निकोबार द्वीप समूह, लक्कादीव, मिनिकॉय और अमिंदिवी द्वीप भी केन्द्र शासित क्षेत्र बने। मध्यप्रदेश के रूप में देश के सबसे बड़े राज्य की स्थापना।
1961 : हिंदुस्तान एयरोनोटिक्स द्वारा बनाए गए यात्री विमान एवरो एचएस748 ने अपनी पहली उड़ान भरी।
1967 : पंजाब राज्य को दो हिस्सों में बांटा गया और इन्हें पंजाब और हरियाणा नाम दिया गया। चंडीगढ़ को दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी और केन्द्र शासित क्षेत्र भी बनाया गया।
1970 : फ्रांस में एक नाइटक्लब में आग लगने से 142 लोग मारे गए, जिनमें ज्यादातर किशोर थे।
1973 : लक्कादीव, मिनिकॉय और अमिंदिवी द्वीपों को लक्षदीप नाम दिया गया।
1973 : भारत के मैसूर राज्य का नाम बदलकर कर्नाटक किया गया।
1973 : विश्व की सबसे सुंदर महिलाओं में शुमार ऐश्वर्या राय का कर्नाटक के मेंगलूर में जन्म।
1984 : तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की एक दिन पहले हुई हत्या के बाद भारत के कुछ हिस्सों में सिख विरोधी दंगे भड़क उठे।
1985 : हेलीकाप्टर कोरेपोरेशन ऑफ इंडिया ने काम करना शुरू किया। बाद में इसका नाम बदलकर पवन हंस कर दिया गया।
1986 : स्विटजरलैंड में बास्ले के निकट रसायन की एक फैक्टरी में भीषण आग लगने से जहरीले रसायन राइन नदी में जा मिले, जिससे नदी का उजला पानी सुर्ख हो गया।
1994 : अमेरिका की अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने सूर्य और धरती के बीच के अंतरिक्ष के पर्यावरण के अध्ययन के लिए अपना विशेष अंतरिक्ष यान अंतरिक्ष में भेजा।
2000 : छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना।
2018 : दिल्ली सरकार ने उच्चतम न्यायालय को बताया कि परिवहन विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी में पंजीकृत 1.10 करोड़ वाहनों में से 40 लाख का पंजीकरण खत्म कर दिया है। इन्हें 15 साल और 10 साल से अधिक पुराने क्रमश: पेट्रोल और डीजल वाहन बताया गया।
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 1 November 2024 at 12:58 IST