TMKOC: 18 साल का हुआ तारक मेहता का उल्टा चश्मा, देश का सबसे लंबा सीरियल लोकप्रियता में भी बना रहा है रिकॉर्ड
TMKOC: टीवी सीरियल और कॉमेडी की दुनिया में कई नए इतिहास रचने वाला 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' आज अपना 18वां जन्मदिन मना रहा है। सफलता लोकप्रियता के बड़े रिकॉर्ड बनाते हुए 'तारक मेहता' ने अपनी इस यात्रा में जो उपलब्धियां प्राप्त की हैं वे अद्भभुत हैं।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read
TMKOC: टीवी सीरियल और कॉमेडी की दुनिया में कई नए इतिहास रचने वाला 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' आज अपना 18वां जन्मदिन मना रहा है। सफलता लोकप्रियता के बड़े रिकॉर्ड बनाते हुए 'तारक मेहता' ने अपनी इस यात्रा में जो उपलब्धियां प्राप्त की हैं वे अद्भभुत हैं। सीरियल के निर्माता असित कुमार मोदी और तारक मेहता की पूरी टीम अपनी इस सफलता से गदगद है।
सोनी चैनल के सब टीवी पर जब 28 जुलाई 2008 को 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' शुरू हुआ था तब किसी ने कल्पना नहीं की थी कि यह इतना पसंद किया जाएगा और इतना लंबा चलेगा। लेकिन अपने प्रसारण के कुछ दिन में ही सीरियल के पात्र जेठालाल, दया, टप्पू, सोनू, भीड़े, माधवी, पोपट, चम्पक चाचा, डॉ हाथी, कोमल, तारक, अंजलि और बबीता सहित सभी बेहद लोकप्रिय हो गये। अब तो ये सब घर घर का हिस्सा बन चुके हैं। ये भूमिकाएं करने वाले कलाकार टीवी स्टार बन चुके हैं।
देश का सबसे लंबा चलने वाला कॉमेडी सीरियल
असित मोदी बताते हैं, "गुजराती के जाने माने लेखक तारक मेहता की विभिन्न कहानियों पर आधारित इस सीरियल को बनाने की कल्पना मैंने 2001 में की थी। लेकिन तब कोई चैनल इसे इसलिए दिखाने को तैयार नहीं था कि इसमें न कोई हीरो है न हीरोइन, न ड्रामा की कोई एक नियमित कहानी है। मैं सोचता था यह सीरियल नहीं बन पाएगा। पर तभी कॉमेडी को लेकर शुरू हुए सब टीवी ने मेरे इस ड्रीम प्रोजेक्ट को स्वीकार कर लिया। आज यह इतिहास बन गया है। यह देश का सबसे लंबा चलने वाला कॉमेडी सीरियल तो है ही साथ ही सबसे लंबा फिक्शन सीरियल भी बन गया है। अपने प्रसारण के 19वें वर्ष में यह अपने 5 हज़ार एपिसोड पूरे करके एक और बड़ा रिकॉर्ड बनाने के लिए अग्रसर है।"
मोदी यह भी बताते हैं -"आज फिल्म सिटी में तारक मेहता के सेट पर इसकी सफलता का जश्न मनाया जाएगा। सभी मिलकर केक काटेंगे, झूमेंगे, नाचेंगे। यह सब 'तारक मेहता' के आगामी एपिसोड में दिखाया भी जाएगा। साथ ही कहानी में एक बार फिर गोकुलधाम सोसाइटी के नवीनीकरण के काम के साथ कई नए दिलचस्प प्रसंग शुरू होंगे।"
एकता, स्वच्छता और देश भक्ति को बल देता है
'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में पहले कुछ बरस लेखक की मूल कहानियां चलती रहीं। लेकिन अब कुछ बरसों से अलग कहानियां चल रही हैं। लेकिन उनका ताना बाना वही है जो पहले था। सीरियल की विशेषता यह भी है कि यह साफ सुथरी अच्छी कॉमेडी परोसने के साथ, एकता, स्वच्छता, देश भक्ति, नेकी और सच तथा ईमानदारी की बात बल देता है। इन्हीं सिद्धांतों के चलते 'तारक मेहता' लगातार इतने बरसों से टीआरपी में अधिकतर टॉप 3 में आकर उन सभी सीरियल निर्माताओं को सबक भी देता है, जो फूहड़ता, अश्लीलता और उल्टे सीधे प्रसंग दिखाकर भी पिछड़ जाते हैं।
दया की वापसी कब होगी?
हालांकि दर्शकों को 'तारक मेहता' सीरियल से यह नाराजगी भी है कि इतने लंबे समय से दया नहीं है। दया की वापसी की बात बार बार होती है। लेकिन दया की वापसी 9 बरस के बाद भी अभी तक नहीं हुई है। ऐसे ही पोपटलाल की शादी के प्रसंग दसियों बार जोर शोर से दिखाए गए लेकिन अंतिम समय में शादी होते होते रुक जाती है।
इस पर असित मोदी कहते हैं, "मैं दर्शकों की भावनाओं को समझता हूँ। साथ ही यह भी वादा करता हूं थोड़ा और धैर्य रखें, दया की वापसी भी होगी और पोपटलाल की शादी भी जरूर होगी।"
Published By : Kritarth Sardana
पब्लिश्ड 28 July 2026 at 15:07 IST