Indian Idol 16 Winner: आलिया भट्ट और दीपिका पादुकोण के लिए गाना चाहती है इंडियन आइडल विनर ज्योतिर्मयी नायक
Indian Idol 16 Winner: लगभग 9 महीने की कड़ी मेहनत और काँटे की प्रतियोगिता के बाद ओडिसा की ज्योतिर्मयी नायक इंडियन आइडल 16 की विजेता बन ही गई।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read

Indian Idol 16 Winner: लगभग 9 महीने की कड़ी मेहनत और काँटे की प्रतियोगिता के बाद ओडिसा की ज्योतिर्मयी नायक इंडियन आइडल 16 की विजेता बन ही गई। फाइनल में पहुंचे 6 प्रतियोगियों में से जब रविवार रात सैंया सैंया गीत गाकर, ज्योतिर्मयी ने अपना परफ़ॉर्मेंस दिया तो इंडियन आइडल का इस बार का खिताब उनके नाम हो गया।
सभी प्रतियोगियों की रुकी हुई दिल की धड़कनों के दौरान, इंडियन आइडल के एंकर आदित्य नारायण ने जैसे ही विजेता के रूप में ज्योतिर्मयी के नाम की घोषणा की वह खुशी से काँप उठी। उसके मुंह से सबसे पहले जो शब्द निकले वे थे, जय जगन्नाथ। ज्योतिर्मयी भगवान जगन्नाथ की परम भक्त है। ज्योति ने अपनी इंडियन आइडल की प्रतियोगिता आरम्भ करते हुए, अपने घर में भगवान जगन्नाथ की मूर्ति से प्रार्थना करते हुए कहा था, “आप मेरे भगवान हैं, साथ ही मैं श्रेया घोषाल मैम को भी अपनी गायकी का भगवान मानती हूं। बस अब आगे आपने देखना है।”
भगवान जगन्नाथ का भजन रिकॉर्ड कराना चाहूंगी
ज्योतिर्मयी इंडियन आइडल में आने से पूर्व ओडिसा मनोरंजन जगत के लिए काफी काम कर चुकी हैं। भक्ति संगीत में भी उनका काफी योगदान है। एक इंटरव्यू में जब ज्योतिर्मयी से पूछा गया कि अपनी जीत के बाद वह सबसे पहले क्या करना चाहेंगी? वह कहती हैं, भगवान जगन्नाथ का भजन रिकॉर्ड कराना चाहूंगी।
आलिया भट्ट और दीपिका पादुकोण के लिए गाना चाहती हैं
इसी तरह जब ज्योतिर्मयी से पूछा गया कि फिल्मों में यदि मौके मिले तो किस अभिनेत्री के लिए अपना स्वर देने की इच्छा रखती हैं ? यह पूछने पर ज्योतिर्मयी का जवाब था, ''चाहूंगी आलिया भट्ट और दीपिका पादुकोण के लिए अपनी आवाज दूं।"
Advertisement
20 लाख रुपए और गाड़ी भी मिली
ज्योतिर्मयी नायक को विजेता के रूप में जहां इंडियन आइडल की ट्रॉफी मिली है। वहाँ 20 लाख रुपए का नगद पुरस्कार और एक चमचमाती कार सहित और भी कई पुरस्कार मिले हैं। इस पुरस्कार राशि से क्या करना चाहेंगी क्या कुछ सोचा है? ज्योति इस पर मुस्कुराते हुए जवाब देती है, “ऐसा कुछ मैंने सोचा नहीं। मेरे पिता एक चार्टर्ड एकाउंटेट हैं वह ही अच्छे से सोचेंगे। वैसे मेरी इच्छा है यदि मैं अपना घर ले सकूं तो।”
सभी की पसंदीदा गायिका बनती गईं
ज्योतिर्मयी विजेता बनने के बाद जब सामान्य हुई तो उनके चेहरे की खुशी देखते ही बनती थी। इस मौके पर उनके माता पिता सामने ही थे। अपनी बेटी के विजेता बनते ही पिता ने मां को गले लगाकर अपनी खुशी व्यक्त की। ज्योर्तिमयी शुरू से अपने सुरों और मोहक अंदाज से सभी की पसंदीदा गायिका बनती गईं। हेमा मालिनी, लीना चंदावरकर जैसी दिग्गज अभिनेत्रियों सहित उदित नारायण, ऊषा उत्थुप और श्रेया घोषाल जैसी संगीत क्षेत्र की कई हस्तियां ज्योति को अपने आशीष देती रही हैं।
Advertisement
ट्रॉफी जीतना सपने का सच होने जैसा है
ज्योतिर्मयी कहती हैं, 9 महीने प्रतियोगिता का प्रसारण हुआ। उससे पहले करीब दो महीने ऑडिशन और तैयारियों में गुजरे। इस करीब एक साल की इंडियन आइडल की यात्रा में बहुत कुछ सीखा। बहुत कुछ मिला। मैं अपनी उन सभी स्मृतियों को संजो कर रखना चाहूंगी। मैं ओडिसा से जब ऑडिशन के लिए निकली थी तब टॉप 10 में आने के लिए ही जुटी थी। लेकिन आज ट्रॉफी जीतना मेरे एक सपने का सच होने जैसा है। बहुत मेहनत थी। हर एक परफार्मेंस के लिए अपनी पूरी प्रतिभा को सामने लाने की तड़प थी। लेकिन मैंने देखा आप खूब मेहनत करें। फिर टीम और मेंटर्स के साथ भगवान का आशीर्वाद भी हो तो सफलता मिलेगी ही।