'करोड़ों की चोरी जैसी नीच हरकत कैसे की?', राम मंदिर चंदा विवाद पर फूटा 'लक्ष्मण' का गुस्सा, कहा- ऐसी सजा मिलनी चाहिए की सात पुश्तें याद रखें
रामानंद सागर की 'रामायण' में 'लक्ष्मण' बन चुके सुनील लहरी का गुस्सा फूट पड़ा है। उन्होंने राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में कड़ी से कड़ी सजा की मांग की है। उन्होंने कहा कि ऐसी नीच हरकत करने वालों को ऐसी सजा मिले की उनकी आने वाली सात पुश्तें याद रखें।
- मनोरंजन समाचार
- 2 min read
Sunil Lehri on Ram Mandir Donation Theft: अयोध्या में राम मंदिर चढ़ावा चोरी के आरोपों को लेकर राजनीतिक जगत के अलावा मनोरंजन जगत में भी तगड़ा गुस्सा देखने को मिल रहा है। अब टीवी इंडस्ट्री के जाने माने एक्टर और ‘रामायण’ में ‘लक्ष्मण’ का रोल अदा करने वाले सुनील लहरी की तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि ऐसी नीच हरकत करने वालों को ऐसी सजा मिलनी चाहिए कि उनकी आने वाली सात पुश्तें भी याद रखें।
रामानंद सागर की ‘रामायण’ में ‘लक्ष्मण’ बन चुके सुनील लहरी ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर वीडियो शेयर कर कहा, 'राम-राम, जय श्री राम या फिर सिया राम... इन शब्दों से रोज हमने या किसी ने हमें संबोधित किया है। 400-500 साल की कड़ी मेहनत और हजारों लोगों को बलिदान के बाद अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हुआ। राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा बड़ी धूमधाम से हुई। पूरे देश ने उन भावनाओं का अनुभव किया और भावविभोर हुए।'
चोरी जैसी नीच हरकत कैसे की- सुनील लहरी
उन्होंने आगे आक्रोशित होते हुए कहा, 'अब उसी मंदिर में करोड़ों रुपये की चोरी इतनी नीच हरकत है कि सोचा भी नहीं जा सकता। रक्षक ही भक्षक बन गए? श्रद्धालुओं की भावनाओं और उनके विश्वास के साथ कितना बड़ा विश्वासघात हुआ है।'
'ऐसी सजा मिले की सात पुश्तें याद रखें'
एक्टर कहते हैं, 'मैं कानून और सरकार से विनती करता हूं कि जो भी इसके गुनाहगार हैं उन्हें कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। ऐसी सजा जिससे उनकी आने वाली सात पुश्तें भी याद रखें। या फिर जिस तरीके से गल्फ देशों में, सऊदी अरब में चोरी की सजा मिलती है वो सजा देनी चाहिए। जो दूसरों के लिए भी सबक हो। साथ ही कोई फिर कभी इस तरह की चोरी करने की हिमाकत न कर सके।'
‘रामचन्द्र जी कह गए सिया से ऐसा कलयुग आएगा…’
इसके बाद वीडियो के अंत में सुनील लहरी ने फैंस से उनकी राय मांगी। एक्टर ने कैप्शन में लिखा, 'रामचन्द्र जी कह गए सिया से ऐसा कलयुग आएगा मेरे ही रक्षक, भक्षक बनकर श्रद्धालुओं के चढ़ावे को लूट भावनाओं को आघात पहुंचाएंगे...अयोध्या मंदिर चोरी मामले में गुनहगारों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।'
यह भी पढ़ें: पहले शो पर किया तलाक का खुलासा, अब फूट-फूटकर रोईं गौरव खन्ना की पत्नी; बोलीं- वो तबाह कर देने वाला सीक्रेट...
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 30 June 2026 at 13:03 IST