तेज दिखाएंगे 'प्रताप' तो पवन का दिखेगा 'पावर', रियलिटी शो Bhojpuri Bawaal में फुलऑन धमाल होना तय; हर छिपे राज से हटेगा पर्दा

Bhojpuri Bawaal: आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और JJD प्रमुख तेज प्रताप यादव अब भोजपुरी इंडस्ट्री में गर्दा उड़ाने जा रहे हैं। वो अपकमिंग रियलिटी शो 'भोजपुरी बवाल' में पवन सिंह, निरहुआ और आम्रपाली दुबे जैसे दिग्गज सितारों के साथ दिखाई देंगे।

Reality Show Bhojpuri Bawaal | Image: Instagram

Tej Pratap Yadav in Bhojpuri Bawaal: बिहार की राजनीति में अपने अलग और अनोखे अंदाज के लिए चर्चा में रहने वाले तेज प्रताप यादव अब एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में तहलका मचाने जा रहे हैं। 'तेजू भैया' भोजपुरी रियलिटी शो 'भोजपुरी बवाल' का हिस्सा बनेंगे।

'भोजपुरी बवाल' में सितारों की महफिल सजने जा रही है। इस शो में पावर स्टार पवन सिंह, आम्रपाली दुबे और दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ गर्दा उड़ाएंगे। भोजपुरी इंडस्ट्री के इन टॉप सितारों के बीच ही तेज प्रताप यादव का भौकाल देखने को मिलेगा।

भोजपुरी एक्टर्स संग धमाल मचाएंगे तेज प्रताप

छोटे पर्दे के इतिहास में यह पहला मौका है जब भोजपुरी सिनेमा के सभी दिग्गज कलाकारों के साथ ‘तेजू भैया’ एक ही मंच पर स्क्रीन शेयर करने जा रहे हैं। इस स्पेशल रियलिटी शो में दर्शकों को इन कलाकारों के साथ-साथ तेज प्रताप यादव की निजी जिंदगी के दिलचस्प किस्सों से भी रूबरू होने का मौका मिलेगा।

पवन सिंह के साथ होगी तेज प्रताप की टक्कर?

इस शो के कई पोस्टर और टीजर सामने आए हैं जिनमें सभी कलाकारों समेत तेज प्रताप यादव की झलक देखने को मिल रही है।  हालांकि, दो प्रोमो ने दर्शकों का ध्यान खींच लिया है। प्रोमो में तेज प्रताप यादव और पवन सिंह सिंहासन पर विराजमान नजर आ रहे हैं। दोनों के तेवर देखकर ऐसा लग रहा है कि इनके बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है। तेज प्रताप को हाइलाइट करते पोस्ट के कैप्शन में लिखा है, 'पॉलिटिक्स हो या एंटरटेनमेंट, इनका स्टाइल है एकदम बवाल।' जबकि पवन सिंह को लेकर लिखा गया है, 'पावर स्टार पवन सिंह जब आए, तो बवाल मच जाए।'

क्या है ‘भोजपुरी बवाल’?

बताया जा रहा है कि 'भोजपुरी बवाल' 'फॉलो रियलिटी' फॉर्मेट पर आधारित है। इस रियलिटी शो में किसी तरह का टास्क, एलिमिनेशन या कॉम्पिटिशन जैसा कुछ नहीं होगा, बल्कि इसके जरिये सितारों की असल जिंदगी, अनुभव, संघर्ष और अनसुने किस्सों को दर्शकों तक पहुंचाया जाएगा। इसमें मनोरंजन, मस्ती और रोमांच का तड़का लगेगा। साथ ही दर्शक ऑन कैमरा देख पाएंगे कि उनके फेवरेट कलाकार ऑफ कैमरा यानी पर्दे के पीछे किस तरह से रहते हैं।

‘भोजपुरी बवाल’ कब और कहां होगा स्ट्रीम?

बता दें कि रियलिटी शो 'भोजपुरी बवाल' कलर्स चैनल और जियो हॉटस्टार पर प्रसारित होगा। शो से सामने आए प्रोमो को पहले ही जनता का प्यार मिलना शुरू हो चुका है। अब दर्शकों को इस शो की स्ट्रीमिंग का बेसब्री से इंतजार है। फिलहाल शो की स्ट्रीमिंग डेट अनाउंस नहीं की गई है। हालांकि, देखना दिलचस्प होगा कि राजनीति और भोजपुरी जगत ये जाने-माने चेहरे मिलकर कितना धमाल मचाते हैं।

यह भी पढ़ें: दिव्यांका त्रिपाठी ने जुड़वां बच्चों के रख लिए नाम? पति विवेक संग एक्ट्रेस के मदरहुड मोमेंट्स हुए वायरल
 

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 31 May 2026 at 14:45 IST