अपडेटेड 2 February 2026 at 18:03 IST
Kyunki Saas Bhi Kabhi Bahu Thi 2: एक फोन कॉल ने बचाई तुलसी की मेहनत, आखिर रणविजय के प्लान पर किसने फेरा पानी?
टीवी का पॉपुलर शो ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ इन दिनों टीआरपी चार्ट पर छाया हुआ है। शो की कहानी, इमोशन्स और दमदार किरदार दर्शकों का दिल जीत रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी इसके लेटेस्ट एपिसोड्स के सीन्स जमकर वायरल हो रहे हैं।
हालिया एपिसोड की शुरुआत तुलसी और उसकी बेटियों द्वारा 1000 साड़ियों के सैंपल ऑर्डर की डिलीवरी से होती है। नोयोना पूरी कोशिश करती है कि तुलसी का काम खराब हो जाए, लेकिन उसकी सारी चालें नाकाम हो जाती हैं। तुलसी समय पर ऑर्डर पूरा कर लेती है, जिससे क्लाइंट बेहद खुश हो जाता है।
क्लाइंट तुलसी से इतना इंप्रेस हो जाता है कि वह उसे 10 लाख साड़ियों का बड़ा ऑर्डर ऑफर कर देता है। यह सुनकर वहां मौजूद हर कोई हैरान रह जाता है। बाहर खड़ी नोयोना भी यह सब सुन लेती है और अंदर ही अंदर जल-भुन जाती है।
तुलसी के प्यार में डूबा मिहिर
नोयोना यह सारी बात मिहिर को बताती है। मिहिर हैरान रह जाता है कि तुलसी ने इतनी मुश्किलों के बावजूद ऑर्डर कैसे पूरा किया। वह भगवान से तुलसी की सलामती की दुआ करता है और उसके सफल होने पर ईश्वर का शुक्रिया अदा करता है। उधर मालती, वृंदा, अंगद और अजय नए ऑर्डर की खुशी में जश्न मनाने लगते हैं। लेकिन तुलसी के मन में चिंता है कि इतनी बड़ी संख्या में साड़ियां कैसे बनाई जाएंगी। वह राजीव से कहती है कि इसके लिए एक नई फैक्ट्री की जरूरत पड़ेगी। अजय सुझाव देता है कि वे मिहिर की फैक्ट्री का इस्तेमाल कर सकते हैं, लेकिन तुलसी किसी भी तरह की मदद लेने से मना कर देती है।
नीलामी के कगार पर मिहिर की फैक्ट्री
इसी बीच मिहिर और नोयोना को पता चलता है कि उनकी फैक्ट्री डिफॉल्ट हो चुकी है और अब नीलामी के लिए तैयार है। मिहिर परेशान हो जाता है कि फैक्ट्री कैसे बचेगी।
मुश्किलों में फंसा ऋतिक
ऋतिक अपनी फैक्ट्री और फैमिली बिजनेस की समस्याओं के बारे में खुलकर बात करता है। ऋतिक अपनी मां से मिलता है और कहता है कि रणविजय और मिताली ने उसका आत्मविश्वास पूरी तरह तोड़ दिया है। वह खुद को साबित करने का एक मौका मांगता है और वादा करता है कि ऑर्डर समय पर पूरा होगा। ऋतिक तुलसी को फैक्ट्री की नीलामी के बारे में भी बताता है और कहता है कि अब सिर्फ वही मिहिर की फैक्ट्री को बचा सकती है। एपिसोड के आखिर में तुलसी मिहिर की फैक्ट्री इस्तेमाल करने के लिए तैयार हो जाती है।
एक फोन कॉल ने बदल दी कहानी
इसी दौरान तुलसी अजय से सवाल करती है कि जब ट्रक जल गया था, तो साड़ियों का ऑर्डर समय पर कैसे पहुंचा? तब अजय बताता है कि उसे पहले ही एक अनजान नंबर से फोन कॉल आया था, जिसमें खतरे की जानकारी दे दी गई थी। बाद में अजय मिहिर से सीधा सवाल करता है और बताता है कि नंबर चेक करने पर पता चला कि वह कॉल मिहिर ने ही की थी। मिहिर ने चुपचाप तुलसी की मदद की और उसका काम बचा लिया। मिहिर पूछता है कि क्या तुलसी को इस बारे में पता है। अजय बताता है कि उसने किसी को कुछ नहीं बताया।
तुलसी को हुआ बड़ा फायदा
मिहिर और अजय तुलसी को लेकर बात करते हैं। मिहिर यह जानना चाहता है कि तुलसी अपनी मर्जी से हैंडलूम साड़ियां बनाने के लिए उनकी फैक्ट्री इस्तेमाल कर रही है या नहीं। अजय पुष्टि करता है और बताता है कि वह तुलसी पर कितना गर्व महसूस कर रहा है। लेटेस्ट एपिसोड में जहां एक तरफ रणविजय का प्लान फेल होता नजर आया, वहीं दूसरी तरफ मिहिर का बिना बताए दिया गया साथ दिल जीत लेता है। तुलसी की मेहनत, आत्मसम्मान और इंसानियत एक बार फिर कहानी की सबसे बड़ी ताकत बनकर सामने आई है।
Published By : Samridhi Breja
पब्लिश्ड 2 February 2026 at 18:03 IST