KBC 18: कौन बनेगा करोड़पति का 18वां सीजन इस दिन से होने जा रहा है शुरू, AI के दौर में शो में होगा बदलाव, अमिताभ बच्चन ने किया बड़ा ऐलान

KBC 18: टेलीविजन के सबसे लोकप्रिय गेम शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ की वापसी का ऐलान हो गया है। महानायक अमिताभ बच्चन इस बार केबीसी का 18वां सीजन लेकर आ रहे हैं। अब सोनी चैनल ने KBC 2026 की लॉन्च डेट का ऐलान कर दिया है।

kbc kaun banega crorepati | Image: Sony, DD

KBC 18: टेलीविजन के सबसे लोकप्रिय गेम शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ की वापसी का ऐलान हो गया है। महानायक अमिताभ बच्चन इस बार केबीसी का 18वां सीजन लेकर आ रहे हैं जिसकी पिछले कई महीनों से पंजीकरण की प्रक्रिया चल रही थी। इसके बाद सोनी टीवी पर पिछले कुछ दिनों से केबीसी को लेकर विज्ञापन भी दिखाए जा रहे थे। लेकिन अब सोनी चैनल ने KBC 2026 की लॉन्च डेट का ऐलान कर दिया है। 

कब शुरू हो रहा है KBC 2026 

KBC 18 को सोनी चैनल अगले महीने 10 अगस्त से शुरू करने जा रहा है। हर वर्ष की तरह इस बार भी इसका प्रसारण सोमवार से शुक्रवार रात 9 बजे होगा। कौन बनेगा करोड़पति इस बार भी सोनी चैनल के साथ ओटीटी प्लेटफॉर्म सोनी लिव पर भी प्रसारित होगा। 

इस बार होगा बदलाव  

केबीसी 18 को लेकर सोनी चैनल ने 3 नए विज्ञापन भी जारी किए। इन तीनों विज्ञापनों में शो के होस्ट अमिताभ बच्चन ने ये ऐलान कर दिया है कि इस बार खेल में बदलाव होने जा रहा है। इन विज्ञापनों में बिग बी कह रहे हैं कि “इस बार जवाब याद करने से काम नहीं चलेगा, इस बार सोचना पड़ेगा।”

केबीसी 2026 के एक प्रोमो में बिग बी कहते हैं, ''आज-कल जवाब जो है वो हर जगह मिलने लग गया है, आपकी जेब में भी. नहीं समझे? अरे भाईसाहब आपके फ़ोन पर। इसलिए इस बार केबीसी में हमने कुछ बदलने का प्रयत्न किया है, जवाब याद रखने से काम नहीं चलेगा, उस जवाब के आपके लिए सोचना पड़ेगा। जी हां, सोचना पड़ेगा''। 

दूसरे प्रोमो में अमिताभ बच्चन कहते हैं, "भुघोल, इतिहास, और विज्ञान इन सबका ज्ञान इस बार केबीसी में काफी नहीं होगा। क्योंकि, अब खेल जो है वो बदल गया है। केवल उत्तर याद रखने से काम नहीं चलने वाला...'सोचना पड़ेगा'… जी हाँ”। 

इसी प्रकार ‘कौन बनेगा करोड़पति’ 18 के तीसरे प्रोमो में अमिताभ बच्चन कहते हैं, “देखिए आज एआई ने दुनिया को बदल दिया है, और ये बदलाव जो है ना रुकने वाला नहीं है। जो कल तक नामुमकिन लगता था, वो आज पल भर में मुमकिन हो जाता है। और इस बदलती हुई दुनिया में हम सबको भी बदलना पड़ेगा .. इसलिए, केबीसी में भी हमने कुछ बदलने का प्रयास किया है, अब उत्तर देने से पहले आपको... हां... 'सोचना पड़ेगा'''। 

2025 में शो के हुए 25 वर्ष 

बता दें कि ‘कौन बनेगा करोड़पति’ की शुरुआत स्टार प्लस पर सन 2000 में हुई थी। इस कारण वर्ष 2025 में KBC के 25 वर्ष पूरे हो गए थे। इसे एक उत्सव की तरह 2024 से 2025 तक के सीजन में मनाया गया था। इसके अलावा अभी कुछ समय पहले दूरदर्शन ने भी ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के पुराने एपिसोड का अपने चैनल पर प्रसारण शुरू किया है। 

इसे भी पढ़ें- Dhamaal 4 Box Office Day 11: धमाल 4 के दूसरे मंडे टेस्ट की आई रिपोर्ट, जानिए 11वें दिन अजय देवगन ने बॉक्स ऑफिस पर कितने करोड़ छापे

  

Published By : Kritarth Sardana

पब्लिश्ड 21 July 2026 at 11:43 IST