अपडेटेड 15 July 2024 at 10:17 IST
इटली में लूटा पासपोर्ट, कार्ड और सामान; भारतीय दूतावास बना 'संकटमोचक', देश लौट रहे दिव्यांका-विवेक
Divyanka Tripathi-Vivek Dahiya: दिव्यांका त्रिपाठी और विवेक दहिया आखिरकार भारत लौट रहे हैं। इटली में उनका पासपोर्ट समेत काफी सामान चोरी हो गया था।
Divyanka Tripathi-Vivek Dahiya: मशहूर टीवी कपल दिव्यांका त्रिपाठी और विवेक दहिया हाल ही में वेकेशन मनाने यूरोप गए थे जहां इटली के फ्लोरेंस में उनका सारा सामान चोरी हो गया। इस सामान में उनके पासपोर्ट और कुछ जरूरी डॉक्यूमेंट्स भी थे। तब टीवी एक्टर्स ने सोशल मीडिया के जरिए ये जानकारी देते हुए मदद की गुहार लगाई थी। अब कपल ने फैंस को राहत देने वाली खबर सुनाई है।
दिव्यांका और विवेक ने बताया कि वे आखिरकार भारत लौट रहे हैं। ये है मोहब्बतें फेम एक्ट्रेस ने 14 जुलाई 2024 को अपनी और विवेक की एक फोटो शेयर की है जिसके साथ उन्होंने खुलासा किया कि वे दोनों इस चोरी की घटना के बाद आखिरकार भारत लौट रहे हैं।
दिव्यांका त्रिपाठी और विवेक दहिया की घर वापसी
दिव्यांका त्रिपाठी और विवेक दहिया इस वायरल फोटो में अपने-अपने पासपोर्ट दिखाते नजर आ रहे हैं। कपल ने लोगों को उनके प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद दिया और उनकी घर वापसी को सफल बनाने में मदद करने के लिए भारतीय दूतावास का भी आभार जताया।
दिव्यांका और विवेक ने फैंस को ये गुड न्यूज देते हुए कैप्शन में लिखा है- “जल्द ही भारत जा रहे हैं। हम आपके जबरदस्त प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद देना चाहते हैं। हमारी 'घर वापसी' को संभव बनाने के लिए भारतीय दूतावास को भी बहुत-बहुत धन्यवाद।”
दिव्यांका त्रिपाठी और विवेक दहिया को यूरोप में किसने लूटा?
10 जुलाई 2024 को फ्लोरेंस में दिव्यांका और विवेक एक बड़े हादसे का शिकार हो गए जब उनके पासपोर्ट, वॉलेट, पैसे और शॉपिंग का सामान छीन लिया गया। सामने आई जानकारी की माने तो, कपल शहर में एक प्रॉपर्टी देखने जा रहा था जब चोरों ने उनका सामान छीन लिया। दिव्यांका और विवेक अपने ठहरने के लिए एक जगह देखने गए थे और उन्होंने अपना सारा सामान गाड़ी में ही छोड़ दिया था। हालांकि, जब वो वापस लौटे तो देखा किसी ने उनकी गाड़ी को खोलकर सारा सामान चुरा लिया है।
Published By : Sakshi Bansal
पब्लिश्ड 15 July 2024 at 10:17 IST