Drishyam 3 Records: ‘दृश्यम 3’ के नाम दर्ज हुए 2 बड़े रिकॉर्ड, 9 दिनों में फिल्म बनी मोहनलाल के करियर की तीसरी सबसे बड़ी हिट
Drishyam 3 Box Office Collection Records: मोहनलाल की फिल्म ‘दृश्यम 3’ को बॉक्स ऑफिस पर 9 दिन बीत गए हैं। अब तक की कमाई के साथ ये फिल्म उनके करियर की तीसरी सबसे हिट फिल्मों में शामिल हो गई है।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read
Drishyam 3 Box Office Collection Records: मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल की क्राइम थ्रिलर फिल्म ‘दृश्यम 3’ बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है। ये फिल्म 21 मई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। यह फिल्म पहले सप्ताह में शानदार कमाई करने के बाद अब दूसरे सप्ताह में एंट्री ले चुकी है। हालांकि दूसरे शुक्रवार को फिल्म की कमाई में गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन इसके बावजूद फिल्म ने दो बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं। आइए आपको बताते हैं इन रिकॉर्ड्स के बारे में...
9वें दिन कमाई में आई गिरावट
जीतू जोसेफ के डायरेक्शन में बनी फिल्म ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी का तीसरा भाग दर्शकों को काफी पसंद आ रहा है। मोहनलाल की फिल्म ने रिलीज के पहले दिन 15.75 करोड़ रुपये की दमदार ओपनिंग की थी। इसके बाद शुरुआती सप्ताह में भी फिल्म ने शानदार प्रदर्शन किया और पहले सप्ताह का कुल कलेक्शन 81.95 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। अब दूसरे सप्ताह में पहुंच चुकी फिल्म की कमाई में थोड़ी सुस्ती देखने को मिली है। सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, ‘दृश्यम 3’ ने रिलीज के 9वें दिन यानी दूसरे शुक्रवार को 4 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। इसके साथ ही फिल्म का कुल भारतीय नेट कलेक्शन 84.77 करोड़ रुपये हो गया है।
मोहनलाल के करियर की तीसरी सबसे बड़ी फिल्म बनी
‘दृश्यम 3’ ने कमाई के मामले में मोहनलाल की सुपरहिट फिल्म ‘पुलिमुरुगन’ को पीछे छोड़ दिया है। इस फिल्म का घरेलू नेट कलेक्शन 76.67 करोड़ रुपये था, जबकि ‘दृश्यम 3’ 84.77 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है। इसी उपलब्धि के साथ यह भारत में मोहनलाल के करियर की तीसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है। अब फिल्म की नजर मोहनलाल की दूसरी सबसे बड़ी फिल्म ‘एल2: एम्पुरान’ के रिकॉर्ड पर है, जिसने भारत में 106.77 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था।
भारत में मोहनलाल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्में
मोहनलाल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की लिस्ट में ‘थुडारम’ 122 करोड़ रुपये के साथ पहले नंबर पर है। दूसरे स्थान पर ‘एल2: एम्पुरान’ 106.77 करोड़ रुपये के साथ मौजूद है। तीसरे नंबर पर अब ‘दृश्यम 3’ 84.77 करोड़ रुपये के कलेक्शन के साथ पहुंच चुकी है। इसके बाद ‘पुलिमुरुगन’ 76.67 करोड़ रुपये और ‘लूसिफर’ 65.21 करोड़ रुपये के साथ सूची में शामिल हैं। इसके साथ ही ‘दृश्यम 3’ ने सिर्फ ‘पुलिमुरुगन’ ही नहीं बल्कि ‘सर्वम माया’ को भी पीछे छोड़ दिया है। इसी के साथ यह भारत में अब तक की नौवीं सबसे ज्यादा कमाई करने वाली मलयालम फिल्म बन गई है।
मॉलीवुड की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की सूची में ‘लोका चैप्टर 1: चंद्रा’ 157.01 करोड़ रुपये के साथ पहले स्थान पर है। इसके बाद ‘मंजुम्मल बॉयज़’ 142.08 करोड़ रुपये, ‘वाझा 2’ 129.42 करोड़ रुपये, ‘थुडारम’ 122 करोड़ रुपये और ‘एल2: एम्पुरान’ 106.77 करोड़ रुपये के साथ शामिल हैं। वहीं ‘दृश्यम 3’ 84.77 करोड़ रुपये की कमाई के साथ नौवें स्थान पर पहुंच चुकी है।
दूसरे सप्ताह में भी मजबूत पकड़
भले ही दूसरे शुक्रवार को फिल्म की कमाई में गिरावट देखने को मिली हो, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर इसकी पकड़ अब भी मजबूत बनी हुई है। जिस रफ्तार से फिल्म आगे बढ़ रही है, उसे देखते हुए आने वाले दिनों में यह कई और बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर सकती है।
Published By : Kirti Soni
पब्लिश्ड 30 May 2026 at 08:25 IST