71st National Film Awards: दादा साहब फाल्के अवॉर्ड लेने पहुंचे मोहनलाल को मिला स्टैंडिंग ओवेशन, सुपरस्टार ने मलयालम सिनेमा को किया डेडिकेट
71st National Film Awards: मलयालम सिनेमा के सुपरस्टार मोहनलाल को फिल्म इंडस्ट्री में उनके योगदान के लिए दादा साहब फाल्के अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है।
- मनोरंजन समाचार
- 2 min read
71st National Film Awards: मलयालम सिनेमा के सुपरस्टार मोहनलाल को फिल्म इंडस्ट्री में उनके योगदान के लिए दादा साहब फाल्के अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। तालियों की गड़गड़ाहट और स्टैंडिंग ओवेशन के बीच एक्टर ये सम्मान लेने के लिए मंच पर पहुंचे। अवॉर्ड से नवाजे जाने पर मोहनलाल भावुक हो गए और उन्होंने इसे मलयालम सिनेमा को डेडिकेट किया है।
मोहनलाल के सम्मान और सिनेमा में उनके योगदान को दर्शाते हुए एक शॉर्ट फिल्म भी दिखाई गई थी। सम्मानित किए जाने के बाद उन्होंने अपनी स्पीच में कहा कि वो दादा साहब फाल्के अवॉर्ड जीतने वाले सबसे कम उम्र के मलयाली और इंडस्ट्री से दूसरे इंसान होने पर गौरवान्वित हैं।
मोहनलाल को मिला दादा साहब फाल्के अवॉर्ड
दादा साहब फाल्के अवॉर्ड रिसीव करने के बाद मोहनलाल ने अपने शब्दों से सभी का दिल जीत लिया। उन्होंने अपनी स्पीच में कहा- ये सम्मान केवल मेरा नहीं है, बल्कि पूरे मलयालम विरादरी का है। मैं इस अवॉर्ड को हमारी इंडस्ट्री और हमारी विरासत के लिए एक सामूहिक ट्रिब्यूट के रूप में देखता हूं। जब मुझे केंद्र की तरफ से इसकी सूचना मिली थी तो मैं अवॉर्ड जीतने से ज्यादा, हमारी सिनेमाई परंपरा की आवाज को आगे बढ़ाने के लिए चुने जाने के विशेषाधिकार से ज्यादा खुश हुआ था।
मोहनलाल ने मलयालम इंडस्ट्री को किया समर्पित
मोहनलाल ने ये भी कहा कि उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि उन्हें दादा साहब फाल्के अवॉर्ड से नवाजा जाएगा। उन्होंने इसे जादुई और पवित्र बताया। उन्होंने कहा कि ये पूरी मलयालम इंडस्ट्री के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। उन्हें अपने से पहले के सभी महान अभिनेता याद हैं। एक्टर ने कहा- मैंने उनसे बहुत कुछ सीखा है और उन्होंने मुझे बहुत प्रेरित किया है। अब मेरे कंधों पर अपना काम और भी जिम्मेदारी से करने का दायित्व आ गया है।
उन्होंने अपनी स्पीच खत्म करते हुए अंत में कहा- सिनेमा मेरी आत्मा की धड़कन है। जय हिंद।
Published By : Sakshi Bansal
पब्लिश्ड 23 September 2025 at 19:35 IST