अपडेटेड 12 April 2025 at 11:51 IST

'ये सब छोड़ो, नीचे चलो', सैफ अली खान पर हमले के वक्त क्या-क्या बोल रही थीं करीना कपूर; चार्जशीट में खुले कई राज

चार्जशीट से खुलासा हुआ है कि हमले के समय करीना कपूर ने पति सैफ अली खान को खून से लथपथ देखकर कहा था कि ये सब छोड़ दो, पहले नीचे चलो। अस्पताल चलते हैं।

Follow :  
×

Share


Saif Ali Khan Stabbing Case | Image: Instagram

Saif Ali Khan Stabbing Case: मुंबई में अभिनेता सैफ अली खान पर हुए जानलेवा हमले के मामले में कई खुलासे हुए हैं। बांद्रा पुलिस ने सैफ अली खान पर उनके घर पर हमला करने के मामले में बांग्लादेशी नागरिक मोहम्मद शरीफुल फकीर के खिलाफ 1613 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है, जिसमें कुछ अहम बातें सामने आई हैं। चार्जशीट में इस बात का भी जिक्र है कि 16 जनवरी की घटना के दौरान करीना कपूर ने सैफ से हमलावर से भिड़ने से मना किया था।

अभिनेता पर 16 जनवरी को उस समय हमला हुआ था, जब वो तड़के मुंबई में अपने घर पर थे। सैफ के घर के अंदर एक युवक पहुंच गया था, जो कथित तौर पर चोरी के इरादे से आया था। जब वो पकड़ा गया तो उसने सैफ अली खान पर हमला किया था। उस समय वहां  सैफ के अलावा पत्नी करीना कपूर,उनके दोनों बेटे मौजूद थे। बाद में जब हमलावर पकड़ा गया था तो उसकी पहचान बांग्लादेशी नागरिक मोहम्मद शरीफुल फकीर के रूप में हुई। सैफ पर चाकुओं से हमला करने के बाद वो वहां से भाग चुका था। लंबी तलाश के बाद पुलिस आरोपी तक पहुंच पाई थी।

आरोपी के खिलाफ 1613 पन्नों की चार्जशीट दायर

घटना के तीन महीने बाद बांद्रा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ 1613 पन्नों की चार्जशीट दायर की और खुलासा किया कि करीना ने अभिनेता से उसे (आरोपी) छोड़ने और अपनी चोट को प्राथमिकता देने को कहा था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक,  चार्जशीट में ये भी पता चला है कि तैमूर ने सैफ के साथ अस्पताल जाने पर जोर दिया। आरोपपत्र का हवाला देते हुए बताया कि करीना कपूर ने अपने पति सैफ को खून से लथपथ देखकर कहा था कि, 'ये सब छोड़ दो, पहले नीचे चलो। अस्पताल चलते हैं।' करीना ने कहा कि वो सैफ, उनके दो बच्चों और घर के कर्मचारियों को उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लिफ्ट का इस्तेमाल करके नीचे ले गईं, क्योंकि उन्हें एहसास हुआ कि हमलावर अभी भी घर के अंदर है।

सैफ ने लुटेरे को पकड़ने की कोशिश की- करीना

आरोपपत्र में कहा गया है कि सैफ ने लुटेरे का सामना किया और उससे पूछा, 'कौन है, क्या चाहिए?' और उसके पास गए। करीना ने अपने बयान में कहा कि सैफ ने लुटेरे को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन हमलावर ने चाकू से उनकी गर्दन, पीठ और हाथ पर वार कर दिया।  चार्जशीट में बताया गया है कि करीना जहांगीर, तैमूर और एलिम्मा के साथ बारहवीं मंजिल के कमरे में भाग गई। बाद में सैफ कमरे में पहुंचे, उनके कपड़े खून से लथपथ थे और उनकी पीठ और गर्दन पर घाव थे। सैफ के बयान ने करीना के बयान का समर्थन किया। अभिनेता ने कहा, 'जब मुझे लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया तो डॉक्टरों ने मुझे बताया कि सर्जरी के दौरान मेरी पीठ से चाकू का एक हिस्सा बरामद किया गया था।'

चार्जशीट में 40 से ज्यादा गवाहों के बयान शामिल हैं, जिनमें 19 जनवरी को ठाणे में शरीफुल को गिरफ्तार करने वाले पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं। इसमें सैफ अली खान, उनकी पत्नी करीना कपूर और स्टाफ के सदस्यों समेत चश्मदीदों की गवाही भी शामिल है।

यह भी पढ़ें: जब सीरियल किसर के टैग से इमरान हाशमी को होने लगी थी चिढ़, बोले- जबरन...

Published By : Dalchand Kumar

पब्लिश्ड 12 April 2025 at 11:51 IST