एक्टर राजपाल यादव ने मांगी माफी; लोगों को दी थी कुछ इस तरह दिवाली मनाने की सलाह, हो गए थे ट्रोल
राजपाल यादव ने दिवाली से पहले भी एक वीडियो पोस्ट किया था। इसमें उन्होंने लोगों को पटाखा ना फोड़ने की सलाह दी थी, जिसको लेकर काफी विवाद हो गया।
- मनोरंजन समाचार
- 2 min read
Rajpal Yadav apologized: बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव ने दिवाली के मौके पर देशवासियों से माफी मांग ली है। दिवाली से पहले राजपाल यादव ने लोगों को एक सलाह दी थी। उसके बाद वो काफी ट्रोल हो गए थे। लोगों ने राजपाल यादव को जमकर खरी खोटी सुनाई थी। फिलहाल दिवाली के मौके पर राजपाल यादव ने इसको लेकर माफी मांग ली है।
एक्टर राजपाल यादव ने एक नया वीडियो शेयर किया है। इसमें अभिनेता ने दिवाली की शुभकामनाएं देते हुए कहा- 'दो दिन पहले मेरे सोशल मीडिया से एक वीडियो डाला गया था, जो मैंने तुरंत ही हटवा दिया था। इस वीडियो से देश-दुनिया में जिस किसी की भी भावना आहत हुई है तो मैं हृदय से क्षमा प्रार्थी हूं।' राजपाल ने आगे कहा कि अच्छे से दिवाली का पर्व मनाएं। स्वस्थ रहें-खुश रहें।
दिवाली से पहले क्यों ट्रोल हुए राजपाल यादव?
राजपाल यादव ने दिवाली से पहले भी एक वीडियो पोस्ट किया था। इसमें उन्होंने लोगों को पटाखा ना फोड़ने की सलाह दी थी, जिसको लेकर काफी विवाद हो गया। राजपाल ने उस समय कहा था- 'जानवर बहुत डरते हैं पटाखों से, एयर पॉल्यूशन होता है। आसपास शोर बहुत होता है। इन सबके बगैर भी दिवाली प्यार से मना सकते हैं। इसलिए प्लीज प्लीज नो।'
इसके बाद सोशल मीडिया यूजर्स का राजपाल यादव के ऊपर गुस्सा फूट गया था। कई लोगों ने उन्हें जवाब दिया। बहुत से लोग उनके बायकॉट की भी मांग उठा रहे थे।
Published By : Dalchand Kumar
पब्लिश्ड 1 November 2024 at 09:31 IST