Elvish Yadav: यूट्यूबर एल्विश यादव को मारपीट मामले में मिला नोटिस, गुरुग्राम में FIR दर्ज
यूट्यूबर एल्विश यादव के खिलाफ गुरुग्राम पुलिस ने FIR दर्ज कर नोटिस भेज दिया है। एल्विश के घर पर मौजूद ना होने की वजह से पुलिस ने परिवार को नोटिस सौंपा है।
- मनोरंजन समाचार
- 2 min read
यूट्यूबर एल्विश यादव के खिलाफ सागर ठाकुर के साथ मारपीट के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने FIR दर्ज कर नोटिस भेज दिया है। नोटिस देने के लिए पुलविस खुद एल्विश के घर पहुंची। हालांकि, उनके घर में मौजूद ना होने की वजह से पुलिस ने परिवार को नोटिस सौंप दिया। गुरुग्राम सेक्टर-53 थाना पुलिस ने परिजनों को सीआरपीसी की धारा 41 के तहत नोटिस दिया।
यूट्यूबर सागर ठाकुर अका मैक्सटर्न ने एक वीडियो जारी किया, जिसके बाद एल्विश एक बार फिर से विवादों में घिर गए। वीडियो में एल्विश अपनी गैंग के साथ मैक्सटर्न की पिटाई करते नजर आ रहे हैं। मैक्सटर्न ने उनके ऊपर गंभीर आरोप लगाए हैं।
एल्विश ने वीडियो जारी कर दी सफाई
विवादों में घिरने के बाद यूट्यूबर एल्विश ने वीडियो जारी कर सफाई दी। उन्होंने कहा, "सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हो रहे हैं, बहुत ज्यादा नकारात्मक बातें चल रही हैं। एक वीडियो आपने देखी होगी जिसमें मैं मैक्सटर्न पर हाथ उठा रहा हूं, एक वीडियो में मैक्सटर्न कहा है कि एल्विश यादव ने मेरे साथ ये कर दिया, वो गुंडा है, उस पर मर्डर केस लगना चाहिए, उसी के आधार पर आपने मुझे अपराधी घोषित कर दिया।"
मुझे और मेरे घरवारों को जान से मारने की धमकी दी- एल्विश यादव
एल्विश ने आगे कहा कि बिग बॉस से निकलने के बाद आज आठ महीने हो चुके हैं, सोशल मीडिया पर जाकर देख सकते हैं कि मैं मैक्सटर्न के साथ क्या कर रहा हूं और वो मेरे साथ क्या कर रहा है। वो मुझे बीते 8 महीनों से उकसा कर रहा है, मुझ पर गलत तरीके के कमेंट किए गए। 13 मिनट के वीडियो में एल्विश ने बताया कि उन्हें और उनके घरवालों को जान से मारने की धमकी दी गई।
पहले रेव पार्टी मामले में भी फंसे थे एल्विश
इससे पहले एल्विश यादव रेव पार्टी में सांपों के जहर के मामले में विवादों में फंसे थे। एल्विश पर आरोप है कि रेव पार्टी में नशे के लिए सांपों के जहर का इस्तेमाल किया जाता है। हालांकि, उस वक्त एल्विश ने कहा था कि राजनीतिक फायदे के लिए उन्हें फंसाया जा रहा है। खैर मामले में एफएसएल की रिपोर्ट पुलिस को सौंपी जा चुकी है। एफएसएल की रिपोर्ट में पार्टी में कोबरा सांप के जहर के इस्तेमाल की पुष्टि हुई है।
Published By : Ritesh Kumar
पब्लिश्ड 10 March 2024 at 08:21 IST