अपडेटेड 15 December 2025 at 13:46 IST

पत्नी संग इस मशहूर डायरेक्टर की घर में मिली लाश, शरीर पर चाकू के निशान, ‘डबल मर्डर’ में उछला बेटे का नाम

Rob Reiner Dead: हॉलीवुड के मशहूर एक्टर-डायरेक्टर रॉब रेनर और उनकी पत्नी मिशेल सिंगर रविवार दोपहर लॉस एंजिल्स के ब्रेंटवुड स्थित अपने घर में मृत पाए गए।

Rob Reiner and Michele found dead at their LA home. | Image: IMDb

Rob Reiner Dead: हॉलीवुड के मशहूर एक्टर-डायरेक्टर रॉब रेनर और उनकी पत्नी मिशेल सिंगर रविवार दोपहर लॉस एंजिल्स के ब्रेंटवुड स्थित अपने घर में मृत पाए गए। ANI की एक रिपोर्ट की माने तो, लॉस एंजिल्स पुलिस इस मामले की जांच हत्या के रूप में कर रही है। रॉब रेनर 78 साल के थे। 

मीडिया रिपोर्टस से लग रहा है कि कपल की चाकू मारकर हत्या की गई है। परिवार ने भी उनकी मौत की पुष्टि करते हुए एक बयान जारी कर दिया है जिसमें लिखा है- “हम अत्यंत दुख के साथ मिशेल और रॉब रेनर के दुखद निधन की घोषणा करते हैं। इस अचानक हुई क्षति से हम सदमे में हैं और इस बेहद मुश्किल समय में प्राइवेसी की मांग करते हैं।”

डायरेक्टर रॉब रेनर और पत्नी का घर में मिला शव

खबरों के अनुसार, 14 दिसंबर 2025 की दोपहर को रॉब रेनर के घर में दो लोग मृत पाए गए। स्थानीय अधिकारियों और मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक, लॉस एंजिल्स अग्निशमन विभाग (LAFD) दोपहर लगभग 3:30 बजे घर पहुंचे जहां उन्हें एक पुरुष और एक महिला का शव मिला। कुछ मीडिया रिपोर्टस में ऐसा दावा किया जा रहा है कि कपल के शव पर चाकू के निशान थे। 

जहां अभी तक कुछ भी पुष्ट नहीं हुआ है, लेकिन एक चौंकाने वाली खबर ने सनसनी को और बढ़ा दिया। पीपल की एक रिपोर्ट में बताया गया है कि रॉब और मिशेल के बेटे निक पर ही अपने माता-पिता की हत्या का आरोप लगाया जा रहा है। हालांकि, अभी तक कुछ भी कंफर्म नहीं कहा जा सकता। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घर को सील कर दिया गया है।

बता दें कि निक नशे की लत से जूझ रहा था, और रॉब ने भी एक बार इसी बारे में बात की थी। अपने 15वें जन्मदिन पर निक ने नशा किया था, और रॉब ने उस समय इस बारे में बात करते हुए कहा था- “मुझे कभी गुस्सा नहीं आया। मुझे उसके लिए बुरा लगा और मुझे समझ नहीं आ रहा था कि उसकी मदद कैसे करूं - और कई बार माता-पिता को समझ नहीं आता कि क्या करें।”

रॉब रेनर का शानदार करियर

रॉब रेनर को सिटकॉम 'ऑल इन द फैमिली' में 'मीटहेड' के किरदार से फेम मिला था जिसके लिए उन्होंने दो एमी अवॉर्ड भी अपने नाम किए। फिर वो 'थ्रो मॉम्मा फ्रॉम द ट्रेन' (1987), 'स्लीपलेस इन सिएटल' (1993), 'बुलेट्स ओवर ब्रॉडवे' (1994), 'एवरीवन्स हीरो' (2006) और 'द वुल्फ ऑफ वॉल स्ट्रीट' (2013) जैसी फिल्मों में दिखाई दिए। 

एक्टिंग में नाम कमाने के बाद उन्होंने डायरेक्शन की दुनिया में कदम रखा और 1984 में मॉक्युमेंट्री फिल्म 'दिस इज स्पाइनल टैप' से शुरुआत की। उन्होंने ‘स्टैंड बाय मी’ (1986), ‘द प्रिंसेस ब्राइड’ (1987), ‘व्हेन हैरी मेट सैली’ (1989), ‘मिजरी’ (1990) और ‘ए फ्यू गुड मेन’ (1992) जैसी हिट फिल्में दी।

निजी जिंदगी की बात करें तो, रॉब रेनर ने 1971 में एक्ट्रेस पेनी मार्शल से शादी की थी जिनकी पहली शादी से एक बेटी ट्रेसी रेनर थी। हालांकि, 1981 में दोनों अलग हो गए। फिर रॉब ने प्यार को दूसरा मौका देते हुए मिशेल सिंगर को अपना हमसफर बना लिया जिनसे उनकी मुलाकात 'व्हेन हैरी मेट सैली' की शूटिंग के दौरान हुई थी। उन्होंने 1989 में शादी की और उनके तीन बच्चे, जेक, निक और रोमी हुए।

(images- IMDb)

ये भी पढ़ेंः Dhurandhar: अक्षय खन्ना का क्रेज बना रॉकेट, ‘धुरंधर’ ने इस मामले में रच दिया हिंदी सिनेमा का इतिहास, जवान-पुष्पा-स्त्री सब को रौंद डाला

Published By : Sakshi Bansal

पब्लिश्ड 15 December 2025 at 13:46 IST