'कमरे का दरवाजा खोला तो मेरी दुनिया खत्म थी', पहली पत्नी को याद कर टूटे पवन सिंह, बिलख-बिलखकर रो पड़े- VIDEO
पवन सिंह ने 'भोजपुरी बवाल' में अपने सीने में दबे दर्द को बयां किया है। वे अपनी पहली पत्नी को याद कर इस कदर भावुक हुए कि बिलख-बिलखकर रो पड़े।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read
Pawan Singh: भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार पवन सिंह की आंखों में उस वक्त आंसू छलक पड़े, जब बात उनकी पहली पत्नी नीलम सिंह की हुई। रियलिटी शो 'भोजपुरी बवाल' में अपनी जिंदगी के सबसे दर्दनाक चैप्टर को याद करते हुए पवन सिंह इस कदर भावुक हो गए कि उनकी आवाज तक भर्रा गई।
'भोजपुरी बवाल' के सामने आए नए प्रोमो में पवन सिंह अपनी पहली पत्नी को याद करते हुए रो पड़े। इस प्रोमो में वे नीलम सिंह की तस्वीर की आरती उतारते दिख रहे हैं। इस दौरान उन्होंने पहली पत्नी की तस्वीर पर फूल-माला भी चढ़ाया।
पहली पत्नी को याद कर रो पड़े पवन सिंह
इसके बाद वे प्रोमो में रुंधे गले से कहते हैं उन्होंने अपनी जिंदगी में एक ऐसी महिला को पाया था, जिसे वह आज भी अपने जीवन की देवी मानते हैं। उनकी बातों में ऐसा दर्द ढलका कि पूरा माहौल बेहद भावुक हो गया।
मैंने अपनी देवी को खो दिया- पावर स्टार
पवन सिंह प्रोमो में कहते सुने जा सकते हैं, 'मैंने अपने जीवन में देवी पाई थी, जिसे खो दिया। इस शरीर में जब तक जान रहेगा, तब तक यही हमारा जीवन है।'
'दरवाजा खोला तो मेरी दुनिया खत्म थी'
इसके बाद पवन सिंह ने उस रात का जिक्र किया, जिसे याद करना आज भी उनके लिए भयावह है। उन्होंने कहा, 'मैं एक फिल्म की शूटिंग कर रहा था। घर आते-आते काफी लेट हो गया। मैं अंदर आया और कमरे का दरवाजा खोला तो देखा कि दुनिया खत्म।' इतना बताते हुए वे अपने इमोशंस पर काबू नहीं रख पाए और उनकी आंखों से आंसू बहने लगे। उन्होंने रोते हुए कहा कि अब वे आगे नहीं बोल पाएंगे।
नीलम ने शादी के 3 महीने बाद किया था सुसाइड
बता दें कि पवन सिंह और नीलम की शादी 2014 में हुई थी। शादी के तीन महीने बाद 8 मार्च 2015 को नीलम ने मुंबई में पवन सिंह के फ्लैट में पंखे से लटककर सुसाइड कर लिया था। नीलम की मौत के पीछे की वजह बताते हुए पवन सिंह की भाभी ने कहा था कि पावर स्टार अपने काम में काफी व्यस्त रहने लगे थे, जिससे नीलम मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थी। पवन सिंह के देर रात घर लौटने और नीलम को समय नहीं दे पाने की वजह से उन्होंने सुसाइड किया।
टूटने की कगार पर दूसरी शादी
नीलम सिंह की मौत के बाद पवन सिंह अक्षरा सिंह के प्यार में पड़े थे। दोनों की लव स्टोरी किसी से छिपी नहीं है। हालांकि मां के कहने पर भोजपुरी सुपरस्टार ने अक्षरा के बजाय ज्योति सिंह से शादी की। लेकिन यह शादी भी टूटने की कगार पर है। दोनों के बीच तलाक का केस चल रहा है।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 20 August 2026 at 16:16 IST