पहलगाम हमले में पति को खोने वाली हिमांशी को जानते हैं एल्विश यादव, बोले- कॉलेज में साथ थी, 30 बार फोन किया...
Elvish Yadav: पहलगाम आतंकी हमले में एक नेवी ऑफिसर ने भी अपनी जान गंवा दी थी जिनकी पत्नी हिमांशी को यूट्यूबर एल्विश यादव जानते हैं।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read
Elvish Yadav: पहलगाम आतंकी हमले को लेकर पूरा देश गमगीन है। आतंकियों ने टूरिस्ट पर अचानक फायरिंग कर दी जिसमें कई मासूमों की जान चली गई है। बैसरन घाटी में हुए इस हमले में विनय नरवाल (Vinay Narwal) नाम के एक नेवी ऑफिसर की भी मौत हो गई। उनकी सात दिन पहले ही हिमांशी नाम की लड़की से शादी हुई थी। बता दें कि हिमांशी मशहूर यूट्यूबर एल्विश यादव की दोस्त हैं।
एल्विश यादव ने अपने हालिया व्लॉग में खुलासा किया कि हिमांशी उनके साथ कॉलेज में पढ़ती थीं। हिमांशी और विनय कश्मीर में हनीमून के लिए गए थे जब आतंकी हमले में नेवी ऑफिसर की मौत हो गई। एल्विश ने बताया कि जब उन्हें पता चला तो उनका कैसा रिएक्शन था।
पहलगाम हमले की पीड़ित हिमांशी के दोस्त हैं एल्विश यादव
सोशल मीडिया पर विनय नरवाल के अंतिम संस्कार की कई क्लिप्स वायरल हो रही हैं जिनमें हिमांशी का हाल देख किसी का भी कलेजा फट जाएगा। एल्विश ने अपने वीडियो में बताया कि कैसे शुरू में तो वो हिमांशी की आवाज सुनकर उन्हें पहचान नहीं पाए थे। फिर उन्होंने जब वीडियो ध्यान से देखा तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने हिमांशी का वो वीडियो देखा था जिसमें वो बता रही थीं कि उनके पति पर हमला कैसा हुआ।
एल्विश ने बताया कि हिमांशी उनके साथ हंसराज कॉलेज में पढ़ा करती थीं। उन्होंने कहा- ‘वो इकोनॉमिक्स ऑनर्स पढ़ रही थी, मेरी साइड वाली क्लास में पढ़ती थी। जब मैंने हिमांशी का वीडियो देखा तो हैरान रह गया कि ये क्या देख लिया मैंने। मेरी उससे 2018 में आखिरी बार बात हुई थी। वो गुड़गांव मेरे शहर की थी, हम साथ में मस्ती करते हुए मेट्रो से जाया करते थे’।
"हिमांशी को 30 बार कॉल किया लेकिन…"
यादव ने कहा कि उनके पास हिमांशी का नंबर था लेकिन उन्होंने कॉल नहीं किया। उन्होंने अपनी कॉलेज की एक दोस्त दिपांशी को फोन किया। यूट्यूबर ने जैसे ही कहा कि ‘मैं एल्विश बात कर रहा हूं, उसने तुरंत बोला कि हां हिमांशी है’। दिपांशी ने आगे बताया कि उसकी हिमांशी से क्या बात हुई थी, उसने ये भी बताया कि वाकई आतंकियों ने उनसे उनका धर्म पूछा था। दिपांशी ने हिमांशी को 30 बार फोन किया था लेकिन 31वीं बारी पर उसने फोन उठाकर रोते हुए सारी कहानी बताई।
एल्विश यादव ने आगे कहा कि ‘जो लोग सोशल मीडिया पर कह रहे हैं कि प्रोपेगेंडा चलाया जा रहा है, उन्हें बता दूं कि हिमांशी ने सब बताया है कि क्या-क्या हुआ और कैसे कंफर्म किया कि वो हिंदू है और तब उसे गोली मारी’। यूट्यूबर ने आगे नाराजगी जताई कि ऐसे मामलों पर पॉलिटिक्स नहीं होनी चाहिए। किसी के घर का बेटा चला गया और इसमें भी पॉलिटिक्स हो रही है। गलत है कि इंसानियत मर गई है।
Published By : Sakshi Bansal
पब्लिश्ड 25 April 2025 at 16:55 IST