अपडेटेड 29 April 2025 at 14:48 IST
भारत की बुराई कर रहा था पाकिस्तानी यूजर, कॉमेडियन अभिषेक उपमन्यु ने किया सपोर्ट तो मिली आलोचना, अब अकाउंट किया बंद
Abhishek Upmanyu Controversy: पॉपुलर कॉमेडियन अभिषेक उपमन्यु को एक पाकिस्तानी यूजर को सपोर्ट करना भारी पड़ गया है। उन्हें जमकर ट्रोल किया जा रहा है।
Abhishek Upmanyu Controversy: पॉपुलर कॉमेडियन अभिषेक उपमन्यु को एक पाकिस्तानी यूजर की पोस्ट पर रिएक्ट करने के बाद कड़ी आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। दरअसल, अभिषेक उस पाकिस्तानी यूजर के पोस्ट से हामी भरते नजर आए जिसमें लिखा था कि
‘भारतीय उस रेसिज्म को डिजर्ब करते हैं जो वे पश्चिम में फेस करते हैं’।
अभिषेक उपमन्यु ने अब इतनी ट्रोलिंग के बाद अपना एक्स (जिसे पहले ट्विटर के नाम से जाना जाता था) अकाउंट डीएक्टिवेट कर दिया है। बता दें कि कॉमेडियन से जुड़ा विवाद ऐसे समय में आया है जब हाल ही में 22 अप्रैल को हुए पहलगाम आतंकी हमले में 26 टूरिस्ट की जान चली गई।
क्यों विवादों में फंसे कॉमेडियन अभिषेक उपमन्यु?
भारतीयों के खिलाफ किए गए इस पोस्ट से सहमति जताते हुए अभिषेक उपमन्यु ने "Yup" लिख दिया था। और ऐसा करके उन्होंने अपने ही पैरों पर कुल्हाड़ी मार ली है। एक सोशल मीडिया यूजर अभिजीत अय्यर मित्रा ने सीमा पार की महिलाओं के लिए एक अपमानजनक पोस्ट किया था।
इसी पर रिएक्ट करते हुए एक पाकिस्तानी यूजर ने लिखा था- "जीरो क्लास। गाली-गलौज ह्यूमर के बराबर नहीं है। पूरी दुनिया आपके देश को बलात्कारियों के केंद्र के रूप में देखती है और जो सही भी है। एवरेंज इंडियन के लिए तो ये फनी है। आप सभी पश्चिम में जिस नस्लवाद का सामना कर रहे हैं, आप उसके लायक हैं।"
अभिषेक उपमन्यु ने पाकिस्तानी यूजर को किया सपोर्ट!
इसी के कमेंट सेक्शन में जाकर अभिषेक ने पोस्ट के नीचे बस "हां" लिख दिया जो अब भारतीयों को रास नहीं आ रहा है। लोग अब सोशल मीडिया पर आगबबूला हो रहे हैं और कॉमेडियन को जमकर लताड़ लगा रहे हैं। लोगों ने अभिषेक पर एक पाकिस्तानी यूजर को सपोर्ट करने का आरोप लगाया है।
सोशल मीडिया पर तबसे ही अभिषेक उपमन्यु लोगों के निशाने पर आ गए हैं। किसी ने इस कमेंट को ‘शर्मनाक’ बताया तो किसी ने लिखा- ‘ये क्या बकवास है अभिषेक उपमन्यु’। तीसरा यूजर लिखता है- ‘ये अभिषेक तो देशद्रोही निकला’।
Published By : Sakshi Bansal
पब्लिश्ड 29 April 2025 at 14:48 IST