Daler Mehndi Controversy: 'माफी मांगने का सवाल ही नहीं', दलेर मेहंदी को अपमानित करने वाले मंत्री भड़के, कहा- मैंने कोई अपराध किया है जो...
उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा है कि उन्होंने कोई अपराध नहीं किया है। दलेर मेहंदी से उनके माफी मांगने का सवाल ही पैदा नहीं होता है।
- मनोरंजन समाचार
- 2 min read
Daler Mehndi Controversy: पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी से जुड़ा विवाद थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने अब ऐसा बयान दिया है, जो देखते ही देखते वायरल हो गया। उन्होंने माफी मांगने वाली बात पर कहा कि मेरे माफी मांगने का सवाल ही पैदा नहीं होता है।
मंत्री सुबोध उनियाल ने हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में कुंजापुरी मेले में हुए विवाद को लेकर दलेर मेहंदी से माफी मांगने वाली बात से साफ इनकार किया है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर उन्होंने ऐसा कौन सा अपराध किया है जिसके लिए उन्हें माफी मांगनी चाहिए।
मैंने कोई अपराध किया?- मंत्री
क्या आपने दलेर मेहंदी से माफी मांग ली है? इस सवाल के जवाब में मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा, 'मैंने कोई अपराध किया है जो माफी मांगूं? मुझसे भी इस बारे में पूछा जा चुका है। अभी तक इन्होंने (दलेर मेहंदी) एक गलती की थी, अगर तबीयत खराब थी तो नहीं आना चाहिए था। आ भी गए तो जनता को अपनी खराब तबीयत के बारे में बताना चाहिए था। गलती पर गलती और लोगों को गुमराह करना...। मैं पूछता हूं कि अपराधी कौन है? माफी मांगने की जरूरत अपराधी को पड़ती है।'
मेरे माफी मांगने का प्रश्न ही नहीं- मंत्री
उन्होंने 36 लाख रुपये का जिक्र करते हुए कहा कि इन लोगों ने जनता की उम्मीदों पर पानी फेरने का अपराध किया है। माफी इन्हें मांगनी चाहिए। मेरे माफी मांगने का प्रश्न ही नहीं होता।
क्या है पूरा मामला?
उत्तराखंड के कुंजापुरी मेले में एक लाइव परफॉर्मंस के दौरान कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने स्टेज पर पहुंचकर दलेर मेहंदी पर शराब के नशे में होने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था, 'आपसे बोला तो जा नहीं रहा है, गाना क्या गाएंगे।' इसके बाद दलेर मेहंदी के भाई मीका सिंह उनके सपोर्ट में उतरे। उन्होंने कहा था कि दलेर मेहंदी शराब नहीं पीते हैं। अगर कोई यह साबित कर दे कि वे शराब पीते हैं, तो मैं गायकी छोड़ दूंगा। उन्होंने यह भी बताया कि दलेर मेहंदी की सर्जरी हुई है। वो लंबे समय से बीमार थे। इसके साथ ही उन्होंने मंत्री जी से माफी की मांग भी की। इस मामले को शांत कराने के लिए राज्य के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भी फोन पर मीका सिंह से बात की थी।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 27 October 2026 at 10:03 IST