'Toxic' Box Office Day 2': धमाकेदार ओपनिंग के बाद 'टॉक्सिक' की रफ्तार सुस्त, दूसरे दिन की कमाई में 64% की भारी गिरावट
ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स ने सिनेमाघरों में दस्तक देते ही बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत की है। एडवांस बुकिंग में ही 18 लाख से ज्यादा टिकट बेचकर लगभग 60 करोड़ रुपये का कलेक्शन पक्का करने वाली इस फिल्म ने अपने पहले दिन भारत में 101.10 करोड़ रुपये की बंपर ओपनिंग ली।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read
कन्नड़ सुपरस्टार यश की एक्शन-थ्रिलर फिल्म 'टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स' सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। करीब चार साल के लंबे इंतजार के बाद पर्दे पर वापसी कर रहे यश को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह था। हालांकि, कमजोर स्क्रीनप्ले, जरूरत से ज्यादा हिंसा और बोल्ड सीन्स के कारण फिल्म को क्रिटिक्स से मिली-जुली प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं, जिससे दूसरे दिन इसके कलेक्शन में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है।
दूसरे दिन दर्ज की गई 64 फीसदी की बड़ी गिरावट
ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के आंकड़ों के अनुसार, पहले दिन धमाकेदार शुरुआत के बाद गुरुवार यानी दूसरे दिन 'टॉक्सिक' की कमाई में 64 फीसदी की गिरावट आई। फिल्म ने दूसरे दिन रात 10 बजे तक भारत में 36.40 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। ऑक्यूपेंसी की बात करें तो पहले दिन जहां 56.1 फीसदी ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई थी, वहीं दूसरे दिन यह घटकर महज 26.6 फीसदी रह गई।
150 करोड़ के करीब पहुंचा कुल आंकड़ा
खराब समीक्षाओं और दूसरे दिन की सुस्ती के बावजूद फिल्म दो दिनों में घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 137.5 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर चुकी है और तेजी से 150 करोड़ के आंकड़े की ओर बढ़ रही है।
पहला दिन (भारत)- 101.10 करोड़ रुपये (वर्ल्डवाइड ग्रॉस 140 करोड़)
दूसरा दिन (भारत)- 36.40 करोड़ रुपये
कुल 2 दिनों का कलेक्शन- 137.5 करोड़ रुपये
गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी यह यश की लगातार दूसरी ऐसी फिल्म बन गई है, जिसने 100 करोड़ से ऊपर की ओपनिंग ली है। इससे पहले साल 2022 में आई 'केजीएफ: चैप्टर 2' ने यह कारनामा किया था।
हिंदी बेल्ट में मिला शानदार रिस्पॉन्स, 'धुरंधर' से मुकाबला
दिलचस्प बात यह है कि अपनी मूल भाषा कन्नड़ से ज्यादा इस फिल्म को हिंदी बेल्ट में दर्शक पसंद कर रहे हैं। हिंदी के बाद तेलुगु में भी फिल्म का प्रदर्शन अच्छा है, जबकि तमिल और मलयालम क्षेत्रों में इसकी रफ्तार थोड़ी धीमी है।यदि इसकी तुलना रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर' के आंकड़ों से करें, तो 'टॉक्सिक' ने 'धुरंधर' के पहले पार्ट के दूसरे दिन के कलेक्शन 32 करोड़ को तो पछाड़ दिया है, लेकिन 'धुरंधर 2' के दूसरे दिन के 80.72 करोड़ के विशाल आंकड़े से काफी पीछे रह गई।
एडवांस बुकिंग में रचा था इतिहास, वीकेंड से उम्मीदें
रिलीज से पहले ही फिल्म का क्रेज चरम पर था। 21 अगस्त से शुरू हुई एडवांस बुकिंग में महज 5 दिनों में 18 लाख से ज्यादा टिकट बिक गए थे, जिससे फिल्म ने रिलीज से पहले ही 60 करोड़ का बिजनेस पक्का कर लिया था। केवीएन प्रोडक्शंस और मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के बैनर तले बनी इस फिल्म में यश पहली बार 'राया' और 'टिकट' के रूप में पिता-पुत्र के डबल रोल में नजर आए हैं। फिल्म में उनके साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी और तारा सुतारिया मुख्य भूमिकाओं में हैं। ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि आने वाले वीकेंड में फिल्म 200 करोड़ का आंकड़ा आसानी से पार कर सकती है।
Published By : Aarya Pandey
पब्लिश्ड 28 August 2026 at 10:10 IST