Toxic के प्री-रिलीज इवेंट में बड़ा हादसा, साउंड-बॉक्स सेटअप गिरने से 2 छात्र घायल, लड़की बेहोश, यश ने बीच में रोकी स्पीच; बोले- प्लीज ध्यान रखिए
हैदराबाद में फिल्म 'टॉक्सिक' के प्री-रिलीज इवेंट में उस समय बड़ा हादसा हो गया, जब छात्रों के पास लगा बड़ा और भारी साउंड बॉक्स का ढांचा अचानक ढह गया।
- मनोरंजन समाचार
- 2 min read
हैदराबाद में फिल्म 'टॉक्सिक' के प्री-रिलीज इवेंट में उस समय बड़ा हादसा हो गया, जब छात्रों के पास लगा बड़ा और भारी साउंड बॉक्स का ढांचा अचानक ढह गया। इस घटना में 2 छात्र घायल हुए हैं। एक लड़की के बेहोश होने की भी खबर है। हादसे के वक्त साउथ स्टार यश मंच से भाषण दे रहे थे, लेकिन उन्होंने स्थिति बिगड़ते देख तुरंत अपना भाषण रोक दिया। खचाखच भरे स्टेडियम में हुए इस हादसे के बाद अब इवेंट में भीड़ और सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
कुछ लोग साउंड बॉक्स को सहारा देने वाले पोल पर चढ़ गए थे। इसी दौरान भारी सेटअप अचानक नीचे गिर गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में घायल छात्रों को तुरंत एम्बुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। इवेंट का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बड़ी संख्या में लोग नजर आ रहे हैं और कुछ लोग घायल छात्रों को एम्बुलेंस की ओर ले जाते दिख रहे हैं।
मंच से स्पीच रोक यश ने तुरंत पूछा हालचाल
हादसे के समय यश मंच पर मौजूद थे और ‘‘टक्सिक’’ के जश्न में शामिल लोगों को संबोधित कर रहे थे। हादसे का पता चलते ही उन्होंने अपनी स्पीच बीच में रोक दी और आयोजकों से छात्रों की स्थिति के बारे में पूछा। मंच से यश ने कहा, “अरे, संभलकर। क्या वहां सब ठीक हैं? सर, कृपया जांच कीजिए। कृपया छात्रों, आप लोग ध्यान रखें।”
आपको बता दें कि गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी फिल्म 'टॉक्सिक' में यश मुख्य भूमिका में हैं। उनके साथ नयनतारा, कियारा आडवाणी, हुमा कुरैशी और तारा सुतारिया भी अहम किरदार में हैं।
‘पुष्पा 2’ के प्रीमियर के दौरान एक महिला की हुई थी मौत
गौरतलब है कि हैदराबाद में पहले भी फिल्मी इवेंट में सुरक्षा को लेकर गंभीर हादसा हो चुका है। दिसंबर 2024 में ‘पुष्पा 2’ के प्रीमियर के दौरान भगदड़ में एक महिला की मौत हो गई थी। उनके बेटे की हालत भी गंभीर हुई थी। पुलिस ने थिएटर मैनेजमेंट पर सुरक्षा में लापरवाही के आरोप लगाए थे।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 23 August 2026 at 11:36 IST