अपडेटेड 10 February 2026 at 12:51 IST
तिहाड़ जेल में बंद राजपाल यादव की मदद करेंगे सोनू सूद, ऑफर की फिल्म, बोले- ये चैरिटी नहीं…
Sonu Sood helps Rajpal Yadav: मशहूर एक्टर राजपाल यादव ने चेक बाउंस मामले में दिल्ली की तिहाड़ जेल में सरेंडर कर दिया है। अब सोनू सूद उनकी मदद के लिए आगे आए हैं।
Sonu Sood helps Rajpal Yadav: लोगों को अपनी कॉमिक टाइमिंग से हंसाने वाले मशहूर एक्टर राजपाल यादव ने हाल ही में दिल्ली की तिहाड़ जेल में सरेंडर किया है। वो 5 करोड़ रुपये का कर्ज चुका पाने में असमर्थ थे। 2010 के चेक बाउंस मामले में वो सजा काट रहे हैं। अब उनकी मदद के लिए सोनू सूद आगे आए हैं।
बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट की माने तो, सरेंडर करने से पहले राजपाल यादव काफी इमोशनल हो गए थे। उन्होंने कहा था कि उनके पास पैसे नहीं हैं और कोई उनकी मदद के लिए भी नहीं आएगा।
राजपाल यादव की मदद करेंगे सोनू सूद
अब आम लोगों के ‘मसीहा’ कहे जाने वाले सोनू सूद ने अपने इंडस्ट्री के दोस्त राजपाल यादव की भी मदद करने का फैसला किया है। उन्होंने अपने एक्स हैंडल के जरिए लिखा कि राजपाल यादव एक प्रतिभाशाली एक्टर हैं जिन्होंने सालों तक हमारी इंडस्ट्री को कभी ना भुलाए जाने वाला योगदान दिया है। कभी-कभी जिंदगी अन्याय करती है, टैलेंट की वजह से नहीं, बल्कि टाइमिंग की वजह से क्रूर हो जाती है।
उन्होंने आगे लिखा- “वो मेरी फिल्म का हिस्सा होंगे, और मुझे लगता है कि यह हम सभी के लिए– निर्माताओं, निर्देशकों, सहकर्मियों के लिए एकजुट होने का समय है। 'एक छोटी सी अमाउंट, जिसे भविष्य के काम के बदले दिया जा सकता है, ये चैरिटी नहीं, बल्कि सम्मान है। जब हमारी ही इंडस्ट्री का कोई शख्स कठिन दौर से गुजर रहा हो तो हमें उन्हें ये याद दिलाना चाहिए कि वह अकेला नहीं है। इसी तरह हम साबित करते हैं कि हम सिर्फ एक इंडस्ट्री से कहीं ज्यादा हैं”।
किस केस में फंसे हैं राजपाल यादव?
राजपाल यादव ने सरेंडर की समय-सीमा बढ़ाने के लिए कोर्ट में अर्जी दाखिल की थी, लेकिन दिल्ली हाई कोर्ट ने उनकी ये रीक्वेस्ट खारिज कर दी। इसके बाद उन्हें जेल भेज दिया गया। आपको बता दें कि ये मामला 2010 का है, जब राजपाल यादव ने डायरेक्टर के तौर पर अपनी पहली फिल्म 'अता-पता लापता' बनाने के लिए मेसर्स मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड नाम की एक कंपनी से करीब 5 करोड़ रुपए कर्ज के तौर पर लिए थे। फिल्म पिट गई जिसके बाद कर्ज की रकम लौटाने में देरी होती गई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उनके दिए कई चेक बाउंस हुए।
Published By : Sakshi Bansal
पब्लिश्ड 10 February 2026 at 12:51 IST