Ranveer Singh On Don 3 Controversy: 'डॉन 3' विवाद और बैन के बाद रणवीर सिंह ने तोड़ी चुप्पी, फरहान अख्तर को लेकर कही ये बात

Bollywood News: हाल ही में वह बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रही फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' में नजर आए थे। लेकिन अब वह मूवी 'डॉन 3' की वजह से विवाद में आ गए हैं।

रणवीर सिंह डॉन 3 | Image: Republic

Ranveer Singh On Don 3: बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह ने फरहान अख्तर की फिल्म 'डॉन 3' से अचानक बाहर होने और फिल्म वर्कर्स बॉडी द्वारा लगाए गए बैन पर पहली बार अपनी बात रखी है। 40 वर्षीय एक्टर की टीम ने एक आधिकारिक बयान जारी कर बताया है कि रणवीर ने इस पूरे विवाद पर जानबूझकर चुप्पी बनाए रखने का फैसला किया है।

रणवीर सिंह ने क्या कहा?

रणवीर सिंह के प्रवक्ता ने एक आधिकारिक बयान जारी कर साफ किया कि एक्टर सार्वजनिक रूप से इस मामले पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते। बयान में मुख्य रूप से तीन बातें कही गई हैं। रणवीर सिंह फिल्म इंडस्ट्री और 'डॉन' फ्रेंचाइजी से जुड़े हर व्यक्ति का बहुत सम्मान करते हैं। उनका मानना है कि पेशेवर और निजी मामलों को पूरी गरिमा, समझदारी और आपसी सम्मान के साथ सुलझाया जाना चाहिए।
टीम ने कहा कि भले ही कई तरह की अफवाहें उड़ रही हैं, लेकिन रणवीर ने कभी भी सार्वजनिक रूप से जवाब देना जरूरी नहीं समझा। उनका पूरा ध्यान अपने काम पर है। रणवीर के मन में फिल्म से जुड़े सभी लोगों के लिए सम्मान है और उन्होंने 'डॉन' फ्रेंचाइजी की सफलता की कामना की है। मुश्किल समय में खामोशी और शालीनता बनाए रखना उनका सचेत फैसला है।

रणवीर पर बैन क्यों लगा है?

फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने रणवीर सिंह के खिलाफ असहयोग  का निर्देश जारी किया है। इसका सीधा असर यह होगा कि संस्था के सदस्य रणवीर सिंह के साथ काम नहीं करेंगे। यह फैसला रणवीर के 'डॉन 3' को अचानक छोड़ने के कारण लिया गया है।
फेडरेशन ने आरोप लगाया है कि एक्टर के इस कदम से प्रोडक्शन को लगभग 45 करोड़ रुपये का भारी नुकसान हुआ है। इस मुद्दे पर पिछले हफ्ते चर्चा की गई थी और सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसका सार्वजनिक ऐलान किया गया।

क्या है 'डॉन 3' का विवाद?

फरहान अख्तर के निर्देशन में बनने वाली 'डॉन 3' की घोषणा अगस्त 2023 में हुई थी, लेकिन तब से ही यह फिल्म कास्टिंग और देरी को लेकर संघर्ष कर रही है। शुरुआत में कियारा आडवाणी इस प्रोजेक्ट का हिस्सा थीं, लेकिन बात नहीं बनी। अब लीड रोल के लिए ऋतिक रोशन का नाम चर्चा में है, हालांकि इसकी अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बता दें कि इस एक्शन सीरीज की पिछली फिल्म 'डॉन 2' साल 2011 में आई थी।

रणवीर के आने वाले प्रोजेक्ट्स

इन विवादों से दूर रणवीर सिंह अपने करियर पर ध्यान दे रहे हैं। हाल ही में वह बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रही फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' में नजर आए थे। अब वह अपनी आने वाली ज़ॉम्बी थ्रिलर फिल्म 'प्रलय' की तैयारी कर रहे हैं। इस फिल्म के जरिए वह बतौर प्रोड्यूसर भी अपना डेब्यू करने जा रहे हैं।

 

यह जरूर पढ़ें: Ranveer Singh Banned: 'डॉन 3' छोड़कर बुरी तरह फंसे रणवीर सिंह, FWICE का सख्त एक्शन, लगाया फिल्म इंडस्ट्री में बैन

Published By : Samridhi Breja

पब्लिश्ड 25 May 2026 at 20:59 IST