Don 3 Controversy: रणवीर सिंह के सपोर्ट में उतरे पंजाबी सिंगर Ammy Virk, कहा- "फिल्में फ्लॉप हो रही थी, तब क्यों नहीं दिया साथ"

Ranveer Singh Controversy: एमी विर्क और रणवीर सिंह ने कबीर खान की फिल्म '83' में एक साथ काम किया था। इसी फिल्म के सेट पर दोनों के बीच एक गहरी दोस्ती हो गई थी। ऐसे में एमी अपने दोस्त रणवीर के पक्ष में नजर आ रहे हैं।

Don 3 Controversy | Image: Social Media

बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह इन दिनों अपनी फिल्म 'डॉन 3' से जुड़े एक बड़े विवाद को लेकर सुर्खियों में हैं। इस मुश्किल वक्त में जहां इंडस्ट्री के कई बड़े नाम चुपचाप तमाशा देख रहे हैं, वहीं पंजाबी सिंगर और एक्टर एमी विर्क अपने दोस्त रणवीर के सपोर्ट में खुलकर सामने आए हैं। एमी ने न सिर्फ रणवीर का बचाव किया है, बल्कि 'डॉन 3' के मेकर्स को भी खरी-खोटी सुनाई है। तो चलिए जानते हैं कि एमी विर्क ने क्या कहा और यह पूरा विवाद आखिर है क्या।

'83' के सेट से शुरू हुई थी दोस्ती

एमी विर्क और रणवीर सिंह ने कबीर खान की फिल्म '83' में एक साथ काम किया था। इसी फिल्म के सेट पर दोनों के बीच एक गहरी दोस्ती हो गई थी। एमी का कहना है कि हालांकि उन्हें रणवीर और 'एक्सेल एंटरटेनमेंट' यानी डॉन 3 के मेकर्स के बीच हुए विवाद की पूरी जानकारी नहीं है, लेकिन उनका दिल कहता है कि रणवीर इस मामले में गलत नहीं हो सकते।

मेकर्स पर एमी का सीधा वार, कहा- "45 करोड़ क्यों दें रणवीर?"

एमी विर्क ने एक इंटरव्यू में 'डॉन 3' के मेकर्स पर निशाना साधते हुए कुछ सीधे और तीखे सवाल किए। एमी ने कहा, "जब रणवीर की कुछ फिल्में लगातार फ्लॉप हो रही थीं, तब मेकर्स ने 'डॉन 3' की शूटिंग शुरू क्यों नहीं की? उस वक्त तो उन्होंने रणवीर को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया।"
एमी का मानना है कि अब जब रणवीर की नई फिल्म 'धुरंधर' सुपरहिट हो गई है, तो मेकर्स अपना पैसा वापस मांगने आ गए हैं। मेकर्स द्वारा 45 करोड़ रुपये मांगने की बात पर एमी ने कहा, "रणवीर पर जो 2-4 करोड़ रुपये का असली बकाया बनता है, मेकर्स वो लें और बात खत्म करें। रणवीर उन्हें 45 करोड़ रुपये क्यों दें? इसमें एक्टर की कोई गलती नहीं है।"
एमी ने यहां तक कह दिया कि अगर एक्सेल एंटरटेनमेंट को लगता है कि वो सही हैं, तो वो कोर्ट में केस कर सकते हैं। लेकिन ऐसे मामलों का फैसला आने में 20-20 साल लग जाते हैं।

बेटी 'दुआ' लेकर आई अच्छी किस्मत

एमी ने रणवीर के साथ अपनी एक खास बातचीत का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि जब फिल्म 'धुरंधर' का ट्रेलर रिलीज हुआ था और रणवीर की बेटी 'दुआ' का जन्म हुआ था, तब दोनों की बात हुई थी।

रणवीर ने एमी को एक लंबा मैसेज लिखकर बताया था कि उन्होंने इस फिल्म में अपनी जी-जान लगा दी है। इस पर एमी ने उन्हें हौसला देते हुए कहा था, "थोड़ा सब्र रखो भाई, तुम्हारी बेटी तुम्हारे लिए बहुत अच्छी किस्मत लेकर आई है। भगवान सब अच्छा करेगा।" और बिल्कुल ऐसा ही हुआ, फिल्म सुपरहिट रही और उनकी बेटी सच में उनके लिए लकी साबित हुई।

आखिर क्या है 'डॉन 3' का ये पूरा विवाद?

करीब 3 साल पहले डायरेक्टर फरहान अख्तर ने रणवीर सिंह के साथ 'डॉन 3' बनाने का ऐलान किया था। लेकिन किसी न किसी वजह से फिल्म की शूटिंग कभी शुरू ही नहीं हो पाई। अपनी नई फिल्म 'धुरंधर' के रिलीज होने से ठीक पहले, रणवीर सिंह ने 'डॉन 3' प्रोजेक्ट से खुद को अलग कर लिया। रणवीर के फिल्म छोड़ने के बाद मेकर्स ने दावा किया कि वो फिल्म की तैयारियों पर अब तक 45 करोड़ रुपये खर्च कर चुके हैं और उन्हें भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने रणवीर से इस रकम की भरपाई करने को कहा, लेकिन रणवीर ने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया है। यही वजह है कि दोनों के बीच यह विवाद इतना बढ़ गया है और अब एमी विर्क जैसे सितारे इस पर खुलकर अपनी राय रख रहे हैं।

यह जरूर पढ़ें: Sapna Choudhary Husband: कौन हैं सपना चौधरी के पति वीर साहू? जिन्हें कोर्ट ने पत्नी के करीब जाने से लगाई है रोक
 

Published By : Samridhi Breja

पब्लिश्ड 10 June 2026 at 23:07 IST