अपडेटेड 5 February 2026 at 11:05 IST
Dhurandhar Records: ‘धुरंधर 2’ ने कर डाला बड़ा कारनामा, ‘दंगल’ से लेकर ‘PK’ तक के रिकॉर्ड किए चकनाचूर
Dhurandhar Records: रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर अभी भी बड़े रिकॉर्ड्स बना रही है। इस फिल्म ने ‘दंगल’ से लेकर ‘PK’ तक के रिकॉर्ड्स को ध्वस्त कर दिया है।
Dhurandhar Records: रणवीर सिंह की स्पाई थ्रिलर फिल्म ‘धुरंधर’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। फिल्म ने न सिर्फ शानदार कमाई की है बल्कि दर्शकों की संख्या के मामले में भी कई बड़ी और यादगार फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है। ‘धुरंधर 2’ के टीजर रिलीज के बाद इस फिल्म का क्रेज और ज्यादा बढ़ता नजर आ रहा है। टीजर सामने आते ही दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिला है। दिलचस्प बात यह है कि जहां एक ओर सीक्वल की झलक ने फैंस की एक्साइटमेंट बढ़ाई है वहीं दूसरी ओर पहली फिल्म अब भी सिनेमाघरों में अपनी मजबूत पकड़ बनाए हुए है। टीजर रिलीज वाले दिन ही फिल्म ने पूरे भारत में 4 करोड़ से ज्यादा दर्शकों तक पहुंच बनाकर एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
भारत में 4 करोड़ फुटफॉल का आंकड़ा पार करने वाली 19वीं फिल्म बनी ‘धुरंधर’
रणवीर सिंह की यह स्पाई थ्रिलर अब भारत में 4 करोड़ से ज्यादा टिकट बेचने वाली 19वीं फिल्म बन चुकी है। ट्रेड एक्सपर्ट्स के मुताबिक फिल्म की लंबी थिएटर रन और देशभर की औसत टिकट कीमतों के आधार पर यह अनुमान लगाया गया है। इतने बड़े फुटफॉल के साथ ‘धुरंधर’ उन चुनिंदा फिल्मों की सूची में शामिल हो गई है जिन्हें असाधारण सफलता हासिल हुई है।
कमजोर ओपनिंग के बाद वर्ड ऑफ माउथ बना गेमचेंजर
5 दिसंबर 2025 को रिलीज हुई ‘धुरंधर’ की ओपनिंग उम्मीद के मुताबिक नहीं रही थी। पहले दिन फिल्म ने करीब 30 करोड़ रुपये की कमाई की थी। हालांकि इसके बाद फिल्म को दर्शकों का जबरदस्त वर्ड ऑफ माउथ सपोर्ट मिला। जैसे-जैसे हफ्ते गुजरते गए फिल्म की कमाई में लगातार इजाफा होता गया है। रिलीज के सातवें हफ्ते के अंत तक फिल्म ने भारत में 800 करोड़ रुपये से ज्यादा नेट कलेक्शन कर लिया जो करीब 1000 करोड़ रुपये ग्रॉस के बराबर माना जा रहा है।
दंगल, PK और बॉर्डर जैसी फिल्मों को छोड़ा पीछे
फुटफॉल के मामले में ‘धुरंधर’ ने कई बड़ी फिल्मों के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म ने ‘दंगल’, ‘PK’ और ‘बॉर्डर’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों के अनुमानित दर्शक आंकड़ों को पीछे छोड़ दिया है। हालांकि ‘शोले’, ‘मुगल ए आजम’, ‘मदर इंडिया’ और ‘बाहुबली 2’ जैसी ऑल टाइम क्लासिक फिल्मों के मुकाबले इसकी संख्या कम है लेकिन मौजूदा दौर में यह उपलब्धि बेहद खास मानी जा रही है।
‘धुरंधर’ की कहानी और स्टारकास्ट
आदित्य धर के निर्देशन में बनी ‘धुरंधर’ एक हाई ऑक्टेन स्पाई थ्रिलर है। फिल्म में रणवीर सिंह एक भारतीय खुफिया एजेंट की भूमिका निभा रहे हैं जो पाकिस्तान में एक खतरनाक मिशन पर है। फिल्म में अक्षय खन्ना, आर माधवन, संजय दत्त और अर्जुन रामपाल जैसे दमदार कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आते हैं। ‘धुरंधर’ ने वर्ल्डवाइड करीब 1300 करोड़ रुपये की कमाई कर खुद को अब तक की सबसे ज्यादा कमाने वाली फिल्मों में शामिल कर लिया है।
Published By : Kirti Soni
पब्लिश्ड 5 February 2026 at 11:05 IST