Randeep Hooda: असम बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आए रणदीप हुड्डा, शिवसागर में बांटा लंगर और राहत सामग्री
Randeep Hooda: असम बाढ़ से पीड़ित लोगों की मदद करने के लिए रणदीप हुड्डा वहां पहुंचे। उन्होंने शिवसागर जाकर लंगर बांटा और राहत की सामग्री बांटी।
- मनोरंजन समाचार
- 2 min read
Randeep Hooda: असम में इस साल बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है, जिससे अब तक 82 लोगों की मौत हो चुकी है। वहां के हजारों लोग बेघर हो गए हैं। इस आपदा के बीच बॉलीवुड एक्टर रणदीप हुड्डा बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आए हैं। वह एक एनजीओ के साथ मिलकर असम के शिवसागर पहुंचे। वहां पीड़ितों के बीच लंगर बांटने के साथ-साथ जरूरी राहत सामग्रीयों को भी बांटने का काम किया।
असम में बाढ़ की गंभीर स्थिति
असम में बाढ़ की स्थिति बेहद भयावह बनी हुई है। असम डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी के आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में इस समय 54 राहत शिविर चल रहे हैं, जिनमें लगभग 12,994 लोग शरण लिए हुए हैं। इसके अलावा 26 राहत वितरण केंद्रों के जरिए 5,384 लोगों तक सहायता पहुंचाई जा रही है। इस मुश्किल समय में लोगों की मदद करने के लिए रणदीप हुड्डा ने शिवसागर का दौरा किया।
शिवसागर में मदद के लिए पहुंचे रणदीप हुड्डा
शनिवार को रणदीप हुड्डा ने शिवसागर में बाढ़ से प्रभावित लोगों से मुलाकात की और रेलवे स्टेशन पर जरूरतमंदों को सामान बांटा। इसके बाद उन्होंने गुरुद्वारा साहिब जाकर असम के बाढ़ पीड़ितों के लिए अरदास भी की। मीडिया से बातचीत करते हुए एक्टर ने बताया कि वह ग्लोबल सिख्स नाम की टीम के साथ पिछले सात दिनों से लगातार खाना बनाकर प्रभावित परिवारों तक पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इंसानियत सबसे बड़ी चीज है और एक इंसान होने के नाते हमारा यह फर्ज बनता है कि हम मुसीबत में फंसे अपने साथियों की मदद करें।
जरूरतमंदों को बांटी राहत सामग्री
रणदीप ने आगे बताया कि उनकी टीम ने पहले ही पूरी रिसर्च कर ली है कि इस समय लोगों को किस चीज की सबसे ज्यादा जरूरत है। बाढ़ पीड़ितों को मुख्य रूप से रोजमर्रा का खाना, सोने के लिए चटाई और तिरपाल जैसी चीजों की आवश्यकता है। टीम ऐसे लोगों तक भी पहुंच रही है जिन्हें अब तक कोई सहायता नहीं मिल पाई है। आपको बता दें कि इससे पहले एक्टर कार्तिक आर्यन भी असम के मुख्यमंत्री राहत कोष में एक करोड़ रुपये का दान दे चुके हैं।
Published By : Kirti Soni
पब्लिश्ड 2 August 2026 at 12:30 IST