अपडेटेड 26 March 2026 at 16:07 IST
R. Madhavan: जब शीशे के सामने खुद को देख हैरान रह गए आर माधवन, ऐसे बने हूबहू अजीत डोभाल, मेकअप आर्टिस्ट का बड़ा खुलासा
R. Madhavan Look In Dhurandhar 2: आर माधवन ने फिल्म 'धुरंधर 2' में अजीत डोभाल का किरदार निभाया है। इस किरदार में उतरने के बाद जब उन्होंने खुद को शीशे के सामने देखा, तो वह हैरान रह गए थे।
R. Madhavan Look In Dhurandhar 2: अदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर 2' ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी सफलता के झंडे गाड़ दिए हैं। फिल्म ने रिलीज के महज 8 दिनों के अंदर ही 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर लिया है। इस रिकॉर्ड के साथ ये फिल्म भारतीय सिनेमा की टॉप 10 फिल्मों की लिस्ट में अपनी जगह बना ली है। एक तरफ फिल्म में रणवीर सिंह के किरदार की चर्चा हो रही है, वहीं दूसरी तरफ आर माधवन के अजय सान्याल वाले किरदार ने दर्शकों को सबसे ज्यादा प्रभावित किया है। माधवन का यह लुक राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से काफी प्रेरित और मिलता-जुलता फिल्म में दिखा। अब एक्टर के लुक के पीछे की मेहनत के बारे में मेकअप आर्टिस्ट ने खुलासा किया है।
मेकअप में लगे थे 6 घंटे
प्रोस्थेटिक और ब्यूटी मेकअप आर्टिस्ट करणदीप सिंह ने सोशल मीडिया के जरिए आर माधवन के इस लुक को तैयार करने के एक्सपीरियंस को शेयर किया है। उन्होंने बताया कि पहले दिन माधवन को अजय सान्याल के रूप में पूरी तरह ढालने में करीब 6 घंटे का समय लगा था। मेकअप पूरा होने के बाद जब माधवन ने खुद को शीशे में देखा तो वह काफी हद तक अजीत डोभाल से मिलते- जुलते लुक में नजर आ रहे थे। हालांकि, माधवन खुद हर छोटी बारीकी पर नजर बनाए हुए थे और कुछ कमी महसूस कर रहे थे।
माधवन के परफेक्शन का जादू
करणदीप सिंह ने आगे बताया कि माधवन ने बहुत ध्यान से अपनी रेफरेंस फोटो और शीशे में खुद को देखा। इसके बाद उन्होंने अपने होंठों को हल्का सा सिकोड़ा और अचानक वह पूरी तरह से अपने किरदार में समा गए। मेकअप आर्टिस्ट ने बताया कि वह मोमेंट काफी खास था जब आर माधवन गायब हो गए और वो अजीत डोभाल के व्यक्तित्व में नजर आने लगे। करणदीप ने एक्टर की तारीफ करते हुए कहा कि अगर वह एक्टर नहीं होते तो, निश्चित रूप से एक वैज्ञानिक होते।
'धुरंधर 2' का ऐतिहासिक कलेक्शन
फिल्म की सफलता की बात करें तो 'धुरंधर 2' ने महज एक हफ्ते में रिकॉर्ड तोड़ कमाई की है। आदित्य धर के निर्देशन में बनी यह फिल्म उनकी पिछली सुपरहिट फिल्म 'उरी द सर्जिकल स्ट्राइक' के बाद एक और बड़ी उपलब्धि बन गई है। फिल्म में रणवीर सिंह और आर माधवन के साथ संजय दत्त, अर्जुन रामपाल और सारा अर्जुन जैसे स्टार्स ने मुख्य भूमिका निभाई है। दिलचस्प बात यह है कि धुरंधर का पहला पार्ट पहले से ही सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की लिस्ट में चौथे नंबर पर है और अब दूसरा पार्ट भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।
Published By : Kirti Soni
पब्लिश्ड 26 March 2026 at 16:07 IST