अपडेटेड 11 June 2024 at 10:03 IST
तीर्थयात्रियों पर हमला, इतनी नफरत क्यों… रियासी अटैक पर फूटा प्रियंका चोपड़ा का गुस्सा, उठाए सवाल
Priyanka Chopra on Reasi Bus Attack: प्रियंका चोपड़ा ने जम्मू और कश्मीर के रियासी में एक बस पर हुए आतंकी हमले की निंदा की है। उन्होंने लिखा कि वह सदमे में हैं।
Priyanka Chopra on Reasi Bus Attack: जम्मू और कश्मीर के रियासी में एक बस पर हुए आतंकी हमले को लेकर पूरा देश गमगीन है। फिल्म इंडस्ट्री से भी कई सितारों ने इस घटना पर दुख जताया है। इसी कड़ी में, ग्लोबल एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा जोनस ने भी एक पोस्ट किया है जिसमें वह रियासी हमले की निंदा करती नजर आ रही हैं।
ये दुखद घटना 9 जून 2024 की है जब वैष्णो देवी मंदिर से दर्शन करके लौट रहे यात्रियों पर आतंकियों ने गोलियां बरसा दीं। इस फायरिंग में 9 लोगों की मौत हुई है, जबकि 33 लोग घायल हुए हैं।
रियासी हमले पर प्रियंका चोपड़ा जोनस ने जताया दुख
सिटाडेल स्टार प्रियंका चोपड़ा ने अपनी इंस्टा स्टोरी के जरिए कश्मीर घाटी में हुए इस आतंकी हमले की निंदा की है। उन्होंने हमले के एक आर्टिकल पर रिएक्ट करते हुए लिखा है- "सदमाग्रस्त। निर्दोष तीर्थयात्रियों पर यह जघन्य हमला भयानक है। नागरिक और बच्चे क्यों? दुनिया भर में हम जो नफरत देख रहे हैं, उसे समझना बहुत मुश्किल है”।
उनके अलावा और भी कई ऐसे बॉलीवुड सितारे हैं जो इस हमले को लेकर आक्रोशित हैं। कंगना रनौत ने पोस्ट करते हुए लिखा कि बस पर आतंकवादियों ने केवल इसलिए हमला किया था क्योंकि उसमें सभी हिंदू थे और वे वैष्णो देवी मंदिर से दर्शन करके लौट रहे थे। वहीं, अनुपम खेर, विवेक अग्निहोत्री और वरुण धवन जैसे कलाकारों ने भी रियासी हमले की निंदा की है।
रियासी हमले के बाद सुरक्षाबलों का ऑपरेशन जारी
जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों का आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन जारी है। वे जंगल में छिपे आतंकियों की तलाश में जुटे हुए हैं। सुरक्षा टीम को ऐसे इनपुट मिले हैं कि आतंकी रियासी की पहाड़ियों में छिपे हुए हैं। इसके बाद सुरक्षाबलों ने पूरा जंगल खंगालना शुरू कर दिया। वहीं हमले की जांच NIA को सौंपी गई है। इस बीच हमले की जगह से एक और CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें वहां एक संदिग्ध गाड़ी दिखी है।
सामने आई जानकारी की माने तो, रियासी में हुए हमले के दौरान वहां से एक संदिग्ध गाड़ी को देखा गया था जो अब जांच के दायरे में आ गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राजौरी से गाड़ी को पुंछ में अज्ञात व्यक्ति को बेच दिया गया था। हमले के तुरंत बाद ही गाड़ी तीन CCTV कैमरों में दिखी। कार वाहन चेक पोस्ट पर भी नहीं रुकी और राजौरी जिले की ओर तेजी से बढ़ गई। अब इसकी जांच की जा रही है कि क्या इस गाड़ी का रियासी आतंकी हमले से कोई कनेक्शन है?
Published By : Sakshi Bansal
पब्लिश्ड 11 June 2024 at 10:03 IST