अपडेटेड 9 July 2024 at 13:49 IST
सर पर लाल टोपी रूसी फिर भी दिल... राज कपूर और मिथुन का नाम PM मोदी ने मॉस्को में क्यों लिया?
PM Modi Russia Visit: पीएम नरेंद्र मोदी ने मॉस्को में राज कपूर और मिथुन चक्रवर्ती का भी जिक्र किया है और कहा कि उनकी वजह से दोनों देशों की दोस्ती मजबूत हुई है।
PM Modi Russia Visit: PM नरेंद्र मोदी के रूस दौरे का आज दूसरा दिन है। मंगलवार को भारत-रूस वार्षिक सम्मेलन में हिस्सा लेने से पहले पीएम मोदी मॉस्को में भारतीय प्रवासियों को संबोधित कर रहे हैं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि भारत और रूस की दोस्ती कितनी पुरानी रही है। इस दौरान, पीएम मोदी ने राज कपूर और मिथुन चक्रवर्ती जैसे हिंदी सिनेमा के लीजेंड्स का भी जिक्र किया है।
उन्होंने 1955 में आई राज कपूर की फिल्म 'श्री 420' के आइकॉनिक गाने “मेरा जूता है जापानी, ये पतलून इंग्लिशतानी, सर पे लाल टोपी रूसी, फिर भी दिल है हिंदुस्तानी” को याद किया है और कहा कि राज कपूर और मिथुन चक्रवर्ती की दीवानगी भारत ही नहीं, रूस में भी काफी है। उन्होंने कहा कि इन कलाकारों ने भारत और रूस की दोस्ती को मजबूत करने का काम किया है।
भारत-रूस संबंधों को मजबूती देने में सिनेमा का योगदान
पीएम मोदी ने कहा कि “एक समय पर हर घर में ‘सिर पे लाल टोपी रूसी, फिर भी दिल है हिंदुस्तानी’ गाना गाया जाता था। ये गाना भले ही पुराना हो गया है, लेकिन भावनाएं एवरग्रीन हैं। पुराने समय में राज कपूर, मिथुन दा जैसे कलाकारों ने भारत और रूस की संस्कृति की दोस्ती को मजबूत किया है। भारत-रूस के रिश्तों को सिनेमा ने आगे बढ़ाया है। हमारे रिश्तों की मजबूती कई बार परखी गई है और हर बार हमारी दोस्ती बहुत मजबूत होकर उभरी है।
उन्होंने आगे कहा- “भारत-रूस की दोस्ती के लिए मैं विशेष रूप से अपने प्रिय मित्र राष्ट्रपति पुतिन के नेतृत्व की सराहना करना चाहूंगा। उन्होंने दो दशकों से अधिक समय से इस पार्टनरशिप को मजबूती देने का अद्भुत काम किया है। पिछले 10 सालों में मैं छठी बार रूस आया हूं और हम 17 बार एक-दूसरे से मिले हैं। ये सारी मीटिंग विश्वास और सम्मान को बढ़ाने वाली रही है”।
“संघर्ष में फंसे छात्रों को भारत लाने में मदद की”
पीएम मोदी ने आगे कहा कि “जब हमारे छात्र संघर्ष में फंस गए थे, तो राष्ट्रपति पुतिन ने उन्हें भारत वापस लाने में हमारी मदद की थी। मैं एक बार फिर रूस के लोग और राष्ट्रपति पुतिन का आभार व्यक्त करता हूं”।
Published By : Sakshi Bansal
पब्लिश्ड 9 July 2024 at 12:29 IST