'ऐसी हिम्मत दूसरे धर्म में करके दिखाओ...', 'रामायण' में माता सीता के फाइट सीन पर आगबबूला हुए मुकेश खन्ना, कहा- मेकर्स को शर्म आनी चाहिए

मुकेश खन्ना ने 'रामायण' में सीता के फाइट सीन पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने मेकर्स को निशाने पर लेते हुए कहा कि उन्हें शर्म आनी चाहिए।

Mukesh Khanna | Image: YT/Grab

Mukesh Khanna on Sita Action Scene in Ramayana: नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी फिल्म 'रामायण' की रिलीज को 6 दिन बीत चुके हैं, लेकिन इसके इर्द-गिर्द खड़ा हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई और चर्चा के बीच फिल्म के कुछ दृश्यों को लेकर दर्शकों से तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही है। इसी बीच, अब 'महाभारत' फेम एक्टर मुकेश खन्ना ने मेकर्स पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने फिल्म में एक्ट्रेस साई पल्लवी द्वारा निभाए गए माता सीता के किरदार के 'फाइट सीन' पर कड़ी आपत्ति जताई है।

मुकेश खन्ना ने कहा, 'रामायण फिल्म रिलीज हुई है जिसे रामायणा कहा जा रहा है। उस पर पूरे देश और सोशल मीडिया पर बहस छिड़ी हुई है। अलग-अलग लोग रिव्यूज दे रहे हैं। अभी तक क्लियर नहीं है कि फिल्म कितना कमाएगी। मुख्य मुद्दा सिर्फ कमाई का हो गया है। फिल्म बनाई गई है 4000 करोड़, तो उस बजट को कैसे पूरा किया जाए इस पर फोकस किया जा रहा है, बजाय इसके की रामायण की कथा को ठीक से सुनाया जाए।'

मैं थिएटर में रामायण नहीं देखूंगा- मुकेश खन्ना

उन्होंने आगे कहा, 'मैंने रामायण अब तक देखी नहीं है। हाल ही में प्रेस कॉन्फ्रेंस में मैंने कहा भी था कि बिना देखे मुझे बोलने का हक नहीं है। लेकिन 5 नवंबर को जबसे फिल्म रिलीज हुई है तभी से लोगों ने अपनी-अपनी राय देनी शुरू कर दी है। उन रिव्यूज और फिल्म के प्रोमोज के आधार पर मैंने फैसला किया है कि मैं रामायण का रिव्यू करूंगा। मैंने सोशल मीडिया पर मिले रिव्यूज और लोगों से सुनने के बाद निर्णय लिया है कि थिएटर में जाकर फिल्म नहीं देखूंगा। 1200 रुपये की टिकट खरीदकर मैं रामायण नहीं देखूंगा। अगर मैं फिल्म देखने जाता हूं तो पूरे स्टाफ को लेकर जाता हूं। लेकिन मैं इतनी कमाई प्रोड्यूसर को नहीं देना चाहूंगा। जिनका मकसद सिर्फ हमसे कमाई करना और हमारी आस्था पर चोट पहुंचाना है उसे मैं अपनी जरा सी कमाई भी नहीं देना चाहूंगा।'

मेकर्स की सोच पर भी उठाए सवाल

मुकेश खन्ना ने अपने यूट्यूब चैनल पर वीडियो शेयर कर रामायण के मेकर्स की सोच पर सवाल उठाए। उन्होंने सीता मां के फाइट सीक्वेंस पर कहा कि वाल्मीकि की रामायण में सीता मां को वॉरियर नहीं दिखाया गया है। जितना मुझे पता है सीता मां ने कभी भी जाकर फाइट नहीं की। वह मर्यादा पुरुषोत्तम की पत्नी थी जिन्होंने सेवा भाव दिखाया। उन्होंने बिना किसी गलती के 14 साल पति के साथ वनवास में रहना स्वीकार किया। आपने फिल्म में उन्हीं सीता को फाइटर की तरह दिखा दिया। वो कभी फाइटर नहीं थीं। अगर वह फाइटर थीं तो रावण के साथ भी फाइट कर सकती थीं जब वह उन्हें लेकर चला गया था।

प्रोड्यूसर की सफाई पर भड़के

उन्होंने आगे कहा कि हैरानी तो मुझे तब हुई जब एक और पोस्ट में मैंने प्रोड्यूसर की सफाई सुनी। इसमें उन्होंने कहा कि यह सीन वाल्मीकि की रामायण से नहीं, बल्कि अद्भुत रामायण किताब से ली है। मैं प्रोड्यूसर साहब से कहूंगा कि ये हिम्मत आप दूसरे धर्म में करके दिखाएं। क्या कुरान के साथ आप छेड़छाड़ कर सकते हैं, अगर नहीं तो हमारी रामायण के साथ छेड़छाड़ करने की हिम्मत कैसे हुई?

मेकर्स को शर्म आनी चाहिए- खन्ना

मुकेश खन्ना ने बताया कि हमारे ऑफिस में पंडित जी आए थे। मैंने उनसे पूछा कि क्या आप जानते हैं कि रामायण में सीता जी को फाइटर दिखाया गया है। यह सुनकर वो हैरान थे। मुकेश खन्ना ने कहा कि सीता जी को तलवार लेकर लड़ाते हुए दिखाने पर मेकर्स को शर्म आनी चाहिए।

यश और रणबीर के कंपेरिजन पर क्या बोले?

इसके अलावा उन्होंने यश और रणबीर कपूर को लेकर हो रहे कंपेरिजन पर भी बात की। उनके अनुसार, रणबीर से ज्यादा यश की तारीफ इसलिए हो रही है क्योंकि मेकर्स ने वैसी कमाल की स्क्रिप्ट लिखी। उसमें रावण का महिमामंडन साफ नजर आता है। राम के ऊपर रावण को दिखाने की कोशिश की गई है।

अनुपम खेर पर कसा तंज

उन्होंने फिल्म की प्रशंसा करने को लेकर अनुपम खेर पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि मुझे एक एक्टर को फिल्म की तारीफ करते देख काफी हैरानी हुई। लेकिन जब मुझे पता चला कि अनुपम ने 'रामायण' में जटायु के किरदार को अपनी आवाज दी है, तब मुझे समझ आया कि वह फिल्म की इतनी तारीफ क्यों कर रहे हैं। यही वजह है कि उन्होंने अनुपम खेर के रिव्यू को पूरी तरह खारिज कर दिया।

यह भी पढ़ें: पवन कल्याण की तीसरी शादी की डोर भी टूटी, रूसी पत्नी से 13 साल बाद अलग होने का किया ऐलान
 

 

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 10 November 2026 at 12:20 IST