1 महीने रिहर्सल, 17 दिन शूटिंग… कैसे 4 महीने की प्रेग्नेंट माधुरी दीक्षित ने शूट किया था ‘डोला रे डोला’, चक्कर खाकर गिरीं, लेकिन नहीं बदले स्टेप्स

Madhuri Dixit: ‘डोला रे डोला' गाने की शूटिंग के वक्त माधुरी दीक्षित चार महीने की प्रेग्नेंट थीं। और तो और, उन्हें तेज बुखार भी हो रहा था।

Madhuri Dixit | Image: instagram

Madhuri Dixit: बॉलीवुड की सबसे आइकॉनिक फिल्मों में से एक ‘देवदास’ का गाना ‘डोला रे डोला' आज भी माधुरी दीक्षित और ऐश्वर्या राय की जुगलबंदी की वजह से फेमस है। संजय लीला भंसाली अपनी हर फिल्म और गाने पर पूरी लगन से काम करते हैं। ‘डोला रे डोला' गाने की रिहर्सल में भी एक महीने का समय लगा था जबकि ये पूरा गाना 17 दिनों में शूट हुआ था।

इसका खुलासा कोरियोग्राफर सरोज खान की टीम में काम कर चुकीं रुबीना खान ने बॉलीवुड ठिकाना से बातचीत में किया है। रुबीना ने बताया कि कैसे ‘डोला रे डोला' गाने की शूटिंग के वक्त माधुरी दीक्षित चार महीने की प्रेग्नेंट थीं। और तो और, उन्हें तेज बुखार भी हो रहा था।

माधुरी दीक्षित ने प्रेग्नेंसी में शूट किया ‘डोला रे डोला'

रुबीना खान ने सॉन्ग ‘डोला रे डोला' को लेकर इंटरव्यू में बताया- “उस गाने की शूटिंग में 17 दिन लगे थे। रिहर्सल कम से कम एक महीने तक चली। हमने अलग-अलग रिहर्सल की थी जबकि मुख्य कलाकारों की भी अलग-अलग रिहर्सल हुई थी”। 

उन्होंने आगे खुलासा किया कि कैसे गाने में ​​एक स्टेप था जिसमें माधुरी को घूमकर बैठना होता है। वह शॉट सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक चलता रहा क्योंकि एक्ट्रेस चार महीने की प्रेग्नेंट थीं। वो ठीक से घूम नहीं पा रही थीं और उन्हें चक्कर आ रहे थे। उस समय उन्हें तेज बुखार भी हो रहा था। ऐसे में माधुरी को ये स्टेप करने के लिए काफी स्ट्रगल करना पड़ा था लेकिन उन्होंने स्टेप नहीं बदलवाया। वो कभी किसी स्टेप को बदलने के लिए नहीं कहती थीं।

सरोज खान भी थीं दर्द में

इतना ही नहीं, रुबीना खान ने इंटरव्यू के दौरान आगे ये भी बताया कि कैसे शूटिंग के दौरान खुद सरोज खान भी काफी बीमार थीं। इसके बाद भी वो सेट पर रहीं और जमीन पर लेट-लेटकर भी कलाकारों को डांस स्टेप्स समझाती थीं। खबरों की माने तो, जब फिल्म ‘देवदास' रिलीज हुई थी, उस समय सरोज खान अस्पताल में भर्ती थीं। डायरेक्टर संजय लीला भंसाली और ऐश्वर्या राय उनसे मिलने पहुंचे थे। तब भी उन्होंने यही सवाल किया था कि क्या दर्शकों ने ‘डोला रे डोला’ गाने पर नोट उड़ाए या नहीं।

ये भी पढे़ंः करण कुंद्रा ने घुटनों के बल बैठकर किया तेजस्वी को प्रपोज, तो एक्स-गर्लफ्रेंड को लगी मिर्ची? क्रिप्टिक पोस्ट देख भड़के नेटिजंस

Published By : Sakshi Bansal

पब्लिश्ड 21 May 2026 at 16:59 IST