आमिर खान के भांजे इमरान खान को मुंबई पुलिस का नोटिस, 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का आदेश, जानें क्या है पूरा मामला

बॉलीवुड एक्टर इमरान खान को भारत छोड़ने का नोटिस मिला है। उन पर यह कार्रवाई मुंबई प्रोटेस्ट में शामिल होने के बाद की गई है।

Actor Imran Khan Gets 'Leave India' Notice Over Anti-CEC Protest | Image: X

Imran Khan receives Notice to Leave India: बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान के भांजे इमरान खान को भारत छोड़ने का नोटिस दिया गया है। मुंबई पुलिस की ओर से उन्हें 28 अक्टूबर तक देश छोड़ने का निर्देश है।

इमरान खान पर ये कार्रवाई मुंबई में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के कारण की गई है। इस प्रदर्शन के दौरान मुंबई पुलिस ने उन्हें हिरासत में भी लिया था।

भारतीय नागरिक न होने के बावजूद प्रदर्शन में हुए शामिल

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, मुंबई पुलिस का कहना है कि आमिर खान के भतीजे और एक्टर इमरान खान को 'लीव इंडिया नोटिस' (LIN) जारी किया गया है। इस नोटिस के अनुसार, उन्हें 28 अक्टूबर तक देश छोड़ने के लिए कहा गया है। एक्टर ने मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में हुए उस विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया था, जिसमें CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की गई थी। इस प्रदर्शन के बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया था। इमरान खान ने भारतीय नागरिक न होने के बावजूद इस विरोध प्रदर्शन में भाग लिया था। ऐसे में उनके खिलाफ इमिग्रेशन एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

October 15, 2026

किरीट सोमैया ने उठाए थे सवाल 

इससे पहले बीजेपी नेता और पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने इमरान खान के राजनीतिक गतिविधियों में शामिल होने पर सवाल उठाए थे। सोमैया ने इमिग्रेशन अधिकारियों और केंद्रीय गृह मंत्रालय को पत्र लिखकर एक्टर के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी करने की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि इमरान ओसीआई कार्ड धारक और अमेरिकी नागरिक हैं, इसके बावजूद वे भारत की घरेलू राजनीति से जुड़े प्रदर्शनों में क्यों हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने मुंबई पुलिस से मामले की जांच कर एक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी।  

प्रदर्शन में शामिल होने पर एक्टर ने क्या कहा था?

इमरान खान ने हिरासत में लिए जाने से पहले कहा था, 'मेरी कोई मांग नहीं है। मैं यहां एक नागरिक के तौर पर हूं, एक ऐसे व्यक्ति के रूप में जो इसी शहर में रहता है। मैं यहां यह देखने आया हूं कि लोगों की आवाजाही पर रोक क्यों लगाई जा रही है, लोगों की आवाज को क्यों दबाया जा रहा है। बस इसीलिए मैं यहां हूं।'

उन्होंने आगे कहा था, 'मैं ऐसी स्थिति में नहीं हूं कि किसी से कोई मांग कर सकूं। और न ही मैं किसी संगठन का हिस्सा हूं। मैं यहां बस एक प्रतिनिधि के तौर पर आया हूं।'

October 10, 2026

भारतीय नागरिक नहीं हैं इमरान खान

रिपोर्ट्स के मुताबिक, इमरान खान भारतीय नहीं, बल्कि अमेरिकी नागरिक हैं। उनका जन्म 13 जनवरी 1983 को अमेरिका के विस्कॉन्सिन (मैडिसन) में हुआ था। एक्टर के पास अमेरिकी नागरिकता और पासपोर्ट के साथ-साथ भारत का ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया (OCI) कार्ड है, जो उन्हें भारत में रहने और काम करने की अनुमति देता है। 

यह भी पढ़ें: 'नई नवेली' की रिलीज से पहले अयोध्या पहुंचीं यामी गौतम, रामलला के दरबार में हुईं नतमस्तक; फिल्म की कामयाबी का मांगा आशीर्वाद

 


 

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 15 October 2026 at 10:55 IST