अपडेटेड 22 April 2025 at 19:35 IST

नहीं थम रहीं अनुराग कश्यप की मुश्किलें! ब्राह्मणों पर कमेंट पड़ा भारी, अब रायपुर में FIR दर्ज

FIR Against Anurag Kashyap: अनुराग कश्यप के खिलाफ छत्तीसगढ़ के रायपुर में पुलिस FIR दर्ज हो चुकी है। उनपर धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप लगा है।

Anurag Kashyap | Image: X

FIR Against Anurag Kashyap: बॉलीवुड डायरेक्टर अनुराग कश्यप के खिलाफ छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस FIR दर्ज हो चुकी है। उन्होंने बीते दिनों ब्राह्मणों पर एक बेहद ही आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी थी जिसके बाद से ही सोशल मीडिया पर लोगों में आक्रोश भरा हुआ है।

अनुराग कश्यप ने अब भले ही अपने इंस्टा हैंडल के जरिए अपने कंट्रोवर्शियल कमेंट के लिए माफी मांग ली हो लेकिन फिर भी लोगों का गुस्सा कम होने का नाम ही नहीं ले रहा। फिल्ममेकर को अब अपनी इस हरकत पर पछतावा हो रहा है।

अनुराग कश्यप के खिलाफ रायपुर में FIR 

पीटीआई ने FIR को लेकर जानकारी दी है। एक अधिकारी के अनुसार, रायपुर से राष्ट्रीय ब्राह्मण महासंघ (भारत) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और छत्तीसगढ़ प्रभारी पंडित नीलकंठ त्रिपाठी द्वारा शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद सोमवार देर रात सिटी कोतवाली थाने में केस दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि आगे की जांच की जा रही है। 

कश्यप ने हाल ही में एक यूजर के कमेंट का जवाब देते हुए "ब्राह्मणों पर पेशाब" करने की बात लिख दी थी जिसपर ये पूरा हंगामा मचा हुआ है। अधिकारी ने आगे बताया कि इस विवादित टिप्पणी ने ब्राह्मण समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है और इससे सामाजिक एकता को खतरा है। नतीजन कश्यप पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 196 (धर्म, जाति, जन्म स्थान, निवास, भाषा आदि के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी भड़काना) और 302 (किसी व्यक्ति की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के इरादे से जानबूझकर शब्दों आदि का इस्तेमाल करना) के तहत आरोप लगाए गए हैं। 

अनुराग कश्यप ने अपने विवादित कमेंट पर मांगी माफी

इतने बवाल के बाद आखिरकार अनुराग ने माफी मांग ली है। उन्होंने लिखा कि वो जवाब देने के चक्कर में अपनी मर्यादा भूल गए थे और पूरे ब्राह्मण समाज को बुरा बोल दिया। उन्होंने कहा कि आज उनके परिवारवाले और उनके दोस्त काफी आहत हैं। उन्होंने अपनी अभद्र भाषा के लिए माफी मांगी और लिखा कि वो अपने गुस्से पर काम करेंगे और अपनी बात रखने के लिए सही शब्दों का इस्तेमाल करेंगे। 

ये भी पढे़ंः 'भूल गया था मर्यादा, सब मुझसे...', ब्राह्मणों पर दिए विवादित बयान पर अनुराग कश्यप को हुआ पछतावा, मांगी माफी

Published By : Sakshi Bansal

पब्लिश्ड 22 April 2025 at 19:35 IST