'मच्छर जैसा लड़का, इतना छोटा बच्चा...', चश्मदीद ने कैमरे पर सुनाई टाइगर श्रॉफ पर हमले की पूरी कहानी!
बॉलीवुड स्टार टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले के बाद मुंबई में दहशत का माहौल है। घटना उस वक्त हुई जब टाइगर गाड़ी से जा रहे थे। वारदात की चश्मदीद ने बताया कि हमलावरों ने टाइगर की तरफ ही सीधे गोलियां दागीं थीं।
- मनोरंजन समाचार
- 4 min read
Eyewitness Recounts Tiger Shroff Firing Incident: मुंबई का पॉश इलाका जुहू रविवार शाम गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। इस दौरान निशाने पर बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ थे। एक्टर पर हुए जानलेवा हमले से पूरी फिल्म इंडस्ट्री में हड़कंप मच गया है। इस घटना में टाइगर बाल-बाल बच गए लेकिन मौके पर मौजूद व्लॉगर सलमा शेख के आंखों देखे हाल ने हर किसी के रोंगटे खड़े कर दिए हैं।
इस खौफनाक घटना की चश्मदीद सलमा शेख ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए बताया कि जैसे ही टाइगर अपनी गाड़ी लेकर निकले, तभी घात लगाए हमलावरों ने उन पर अंधाधुंध गोलियां बरसाना शुरू कर दिया।
'टाइगर श्रॉफ कार से निकले तभी...'
समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए चश्मदीद ने बताया, 'मैं और हजारों लोग व्लॉग बना रहे थे। बर्थडे पार्टी चल रही थी, जिसमें काफी शोरगुल हो रहा था क्योंकि वे जन्मदिन मना रहे थे। उनके सभी साथी जन्मदिन मनाने अंदर चले गए, खाना पीना कर रहे थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद वे अपनी कार में बैठकर निकल पड़े।'
दर्द से कराह रहे थे एक्टर- चश्मदीद
उन्होंने आगे बताया, 'टाइगर की कार जैसे ही मेन रोड पर आई तब एक लड़का गोली दाग रहा था। लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। सभी को लगा कि दीवाली के पटाखे फोड़ रहा है। इसके बाद जब गाड़ी रुकी और टाइगर श्रॉफ नीचे उतरे। वे दर्द से कराह रहे थे। खूब का धब्बा वहीं पड़ा रहा।'
मच्छर जैसा था गोली चलाने वाला- चश्मदीद
उन्होंने गोली चलाने वाले लड़के के बारे में बताते हुए कहा कि ऐसा लड़का गोली चला रहा था, जो मच्छर और भिखारी जैसा लग रहा था। इतना छोटा बच्चा था।
एक्टर के ड्राइवर को गोली लगी
चश्मदीद ने यह भी बताया कि उनके ड्राइवर को गोली लगी थी, एक गोली उनकी कोहनी में लगी और दूसरी उनकी हथेली के आर-पार हो गई। वे तुरंत पुलिस स्टेशन गए और वहां से नानावटी अस्पताल आ गए। उनके परिवार के बाकी लोग तो चले गए हैं, लेकिन ड्राइवर जो अभी मरीज हैं अंदर ही हैं।'
टाइगर के दाएं हाथ और सीने पर आईं चोटें
बता दें कि रविवार (18 अक्टूबर) शाम को टाइगर श्रॉफ पर पांच राउंड फायरिंग की गई, जिसमें वे बाल-बाल बच गए। हालांकि कांच के टुकड़ों और गनपाउडर की वजह से उनके दाएं हाथ और सीने पर हल्की चोटें आई हैं, जबकि उनके ड्राइवर और एक ऑटो चालक घायल हुए हैं।
एकनाथ शिंदे ने दिया सख्त कार्रवाई का दिया भरोसा
घटना के बाद देर रात महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे खुद अभिनेता के घर पहुंचे, जहां उन्होंने टाइगर और उनके परिवार से मुलाकात कर सुरक्षा का पूरा भरोसा दिया। शिंदे ने हमलावरों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि मुंबई में किसी भी तरह का गैंगवॉर या दहशतगर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पुलिस अपराधियों को उन्हीं की भाषा में करारा जवाब देगी।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 19 October 2026 at 09:11 IST