Diljit Dosanjh Concert: दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट के लिए दिल्ली मेट्रो ने की स्पेशल व्यवस्था, जाने से पहले जान लें क्या-क्या रहेगा बैन
दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में दिलजीत दोसांझ शुक्रवार को परफॉर्म करने वाले हैं। उनकी एक झलक के लिए फैंस में जबरदस्त उत्साह है। इस बीच, सिंगर ने खुद दिल्ली मेट्रो से जुड़ी एक खास जानकारी शेयर की है।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read
Diljit Dosanjh Delhi Concert: पंजाबी सिंगर-एक्टर दिलजीत दोसांझ इन दिनों अपने 'ऑरा इंडिया टूर' को लेकर जबरदस्त सुर्खियों में हैं। वे अपने इस मच अवेटेड म्यूजिकल टूर की शुरुआत 30 अक्टूबर को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में धमाकेदार परफॉर्मेंस के साथ करेंगे। इस कॉन्सर्ट को लेकर फैंस के बीच भारी क्रेज देखने को मिल रहा है और स्टेडियम के आसपास बड़ी संख्या में दर्शकों की भीड़ उमड़ने की उम्मीद है। फैंस के इसी जबरदस्त उत्साह को ध्यान में रखते हुए खास तैयारियां की गई हैं।
जी हां, कॉन्सर्ट में आने वाले दिलजीत के फैंस के सफर को आसान बनाने के लिए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने बेहद खास इंतजाम किए हैं। दिल्ली मेट्रो की सर्विस को देर रात तक के लिए बढ़ा दिया गया है, ताकि कॉन्सर्ट खत्म होने के बाद लोग बिना किसी परेशानी के अपने घरों को सुरक्षित लौट सकें।
दिलजीत दोसांझ ने शेयर की जानकारी
दिलजीत दोसांझ ने खुद अपने सोशल मीडिया हैंडल के जरिये मेट्रो द्वारा किए जा रहे खास इंतजाम की जानकारी शेयर की है। दिलजीत दोसांझ ने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो जारी कर कहा, 'हम दिल्ली आ गए हैं। हमारी रिहर्सल हो गई है। दिल्ली वालों से दो-चार बातें करनी थी। हमें दिल्ली पुलिस ने कहा है कि आपसे आग्रह कर दें कि मेट्रो हमारे शो के लिए रात 12 बजे तक चलेगी।'
'12 बजे तक मेट्रो की सुविधा रहेगी उपलब्ध'
दिलजीत दोसांझ ने कहा, 'वेन्यू यानी जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम पर पार्किंग की सुविधा उपलब्ध नहीं है। ऐसे में अगर आप मेट्रो से आते हैं तो आपको असुविधा नहीं होगी, क्योंकि वहां से वेन्यू बहुत नजदीक है। मेट्रो से आकर वेन्यू पर जमकर एन्जॉय किया और फिर झट से घर चले गए। यह बहुत सुविधाजनक है और 12 बजे तक मेट्रो चालू रहेगी।'
शो कब से शुरू होगा?
इसके अलावा दिलजीत ने अपने फैंस से अपील की कि वे अगर उन्हें कॉन्सर्ट में कोई गाना जरूर सुनना है तो उन्हें मैसेज कर दिया जाए। उन्होंने आगे शो की टाइमिंग बताते हुए कहा कि शो 7.30 से शुरू होकर 10 बजे तक चलेगा। शो 10 बजे तक किसी भी कीमत पर बंद हो जाएगा, क्योंकि स्ट्रिक्ट डेडलाइन दी गई है।
सिंगर ने कहा कि ये 2026 का 'ऑरा इंडिया टूर' का पहला शो है। इसके बाद हम दिल्ली में 2028 में शो करेंगे। यानी पूरे दो साल बाद आएंगे। ऐसे में हमें दो साल की कसर एक दिन में पूरी करनी है। दिन भी हमें एक ही मिला है। आपको पता है कि बहुत सारी चीजें पहले ही चल रही हैं। ऐसे में हमें जो तारीख मिली है उस पर हम अपना बेस्ट देने की कोशिश करेंगे।
कॉन्सर्ट के लिए क्या ले जाना होगा साथ?
वेन्यू पर एंट्री करने के लिए आधार कार्ड ले जाना जरूरी है। इसके साथ टिकट या फिर मेल पर आई बुकिंग कन्फर्मेंशन का स्क्रीनशॉट साथ रखना होगा।
इन चीजों को ले जाने पर रहेगी पाबंदी
कॉन्सर्ट में लैपटॉप, पावर बैंक जैसे पोर्टेबल चार्जिंग डिवाइस ले जाने की इजाजत नहीं है। बड़े बैगपैक, नुकीली चीजें (ब्लेड, चाकू, कैंची, पॉकेट नाइफ, चेन), लाइटर, स्काई लालटेन, पटाखे, वेन्यू से बाहर से खरीदा गया खाना या पेय पदार्थ समेत अन्य चीजें अंदर ले जाने की अनुमति नहीं है।
बता दें कि दिलजीत के कॉन्सर्ट को लेकर दिल्ली वालों में पहले ही एक्साइटमेंट चरम पर थी। अब मेट्रो की सुविधा को देखते हुए उनकी खुशी दोगुनी हो गई है।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 29 October 2026 at 13:01 IST