Daler Mehndi Row: दलेर मेहंदी के स्टेज पर अपमान से दुखी है पूरा परिवार, बेटे गुरदीप ने बयां किया दर्द; चाचा मीका सिंह का जताया आभार

दलेर मेहंदी के बेटे ने पिता से जुड़े विवाद पर अपना रिएक्शन दिया है। उन्होंने कहा कि उस घटना के बाद से पूरा परिवार परेशान है।

Daler Mehndi Row | Image: Instagram

Daler Mehndi Row: पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी से जुड़ा विवाद अब भी बरकरार है। उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने भरी महफिल में सिंगर पर नशे में होने और सही से न बोल पाने का आरोप लगाया था। इसके बाद इंडस्ट्री के कई जाने वाले कलाकार दलेर मेहंदी के सपोर्ट में उतरे। अब उनके बेटे गुरदीप मेहंदी का इस पूरे मैटर पर रिएक्शन आया है।

दलेर मेहंदी के बेटे गुरदीप मेहंदी ने इस पूरे मामले पर एक वीडियो जारी कर अपनी चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने कहा, 'बीते दिनों पापा जी को लेकर जो कंट्रोवर्सी हुई, वह बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण थी। उस समय मैं भारत से बाहर था। जब मैं वापस लौटा, तो मैंने पापा जी से पूछा कि क्या हुआ था? उन्होंने अपने हमेशा वाले पॉजिटिव स्वभाव के साथ मुस्कुराते हुए कहा कि बेटा, मैं बिल्कुल फर्स्ट क्लास और ठीक हूं।'

दलेर मेहंदी के बेटे ने तोड़ी चुप्पी

गुरदीप ने कहा, 'मेरे पिता पंजाबी आदमी है, वे मुश्किल से मुश्किल बात को भी हंसी-मजाक में टाल देते हैं। यही कारण था कि उन्होंने बाद में एक कार्यक्रम में भी इस पूरे मामले पर बहुत हल्के-फुल्के अंदाज में बात की।'

उन्होंने समझाते हुए कहा कि उनके बयान का मतलब मामले को हल्का करना नहीं था, लेकिन उनकी बातों को गलत समझ लिया गया। गुरदीप ने कहा कि इस विवाद की वजह से उनका पूरा परिवार मानसिक रूप से परेशान है। उन्होंने कहा कि जाहिर है हम सभी परेशान हैं और एक परिवार के तौर पर मिलकर इसका सामना कर रहे हैं।

चाचा मीका सिंह का जताया आभार

गुरदीप ने इस मुश्किल घड़ी में उनके पिता के साथ खड़े रहने के लिए सभी लोगों का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने खास तौर पर अपने चाचा और मशहूर सिंगर मीका सिंह का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पूरी फिल्म इंडस्ट्री और मेरे चाचा मीका जी का भी दिल से धन्यवाद।

क्या है पूरा मामला?

एक लाइव परफॉर्मंस के दौरान उत्तराखंड में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने स्टेज पर पहुंचकर दलेर मेहंदी पर शराब के नशे में होने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था, 'आपसे बोला तो जा नहीं रहा है, गाना क्या गाएंगे।' इसके बाद दलेर मेहंदी के भाई मीका सिंह उनके सपोर्ट में उतरे। उन्होंने कहा था कि दलेर मेहंदी शराब नहीं पीते हैं। अगर कोई यह साबित कर दे कि वे शराब पीते हैं, तो मैं गायकी छोड़ दूंगा। उन्होंने यह भी बताया कि दलेर मेहंदी की सर्जरी हुई है। वो लंबे समय से बीमार थे। इसके साथ ही उन्होंने मंत्री जी से माफी की मांग भी कर डाली।

यह भी पढ़ें: Daler Mehndi Controversy: बेइज्जती के बाद अब 'बदले' की बात? दलेर मेहंदी के समर्थन में उतरी FWICE, पीएम मोदी को खत लिख की ये मांग
 

 

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 25 October 2026 at 13:38 IST