Border 2: बंपर बुकिंग के बाद ‘बॉर्डर 2’ को बड़ा झटका, कई शहरों में मॉर्निंग शोज कैंसिल; ओपनिंग डे रिकॉर्ड से चूकेगी सनी देओल की मूवी?
Border 2: सनी देओल और वरुण धवन की फिल्म ‘बॉर्डर 2’ आज दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। हालांकि, सुबह-सुबह कई थिएटर में इसके मॉर्निंग शोज कैंसिल हो गए थे।
Border 2: सनी देओल और वरुण धवन की फिल्म ‘बॉर्डर 2’ आज दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। फैंस बेसब्री से 23 जनवरी का इंतजार कर रहे थे। जहां फिल्म को दर्शकों से जबरदस्त रिव्यू मिल रहे हैं, वही दूसरी तरफ एक ऐसी खबर सामने आई है जिसकी वजह से मेकर्स को करारा झटका लग गया।
फिल्म ‘बॉर्डर 2’ की रिलीज से थोड़ी देर पहले ही मेकर्स को एक टेंशन भरी खबर मिली। दरअसल, कई मीडिया रिपोर्ट्स में ऐसा बताया गया है कि देशभर के कई सिनेमाघरों में ‘बॉर्डर 2’ के मॉर्निंग शो कैंसिल हो गए हैं। इसके पीछे का कारण क्या है, चलिए जान लेते हैं।
‘बॉर्डर 2’ के मॉर्निंग शो क्यों हुए कैंसिल?
इसके पीछे टेक्निकल इशू वजह बताई जा रही है। खासतौर पर सुबह 8 बजे, 9 बजे और 10 बजे के शो पर खतरा मंडराता देखा गया। फिल्म इंफॉर्मेशन की एक रिपोर्ट की माने तो, कंटेंट तैयार ना होने की वजह से भारत के कई थिएटर में सुबह के शो कैंसिल हो गए थे। पोर्टल ने एक सीनियर ट्रेड पर्सन का हवाला देते हुए बताया कि ‘कंटेंट आधी रात तक उपलब्ध होने की उम्मीद है। इसे देखते हुए सुबह के शो बहुत मुश्किल लग रहे हैं’।
रिपोर्ट में आगे बताया गया है कि यूएफओ मूवीज ने सिनेमाघरों को सूचित किया है कि ‘बॉर्डर 2’ कंटेंट का डाउनलोड 23 जनवरी को सुबह 6:30 बजे से शुरू होगा इसलिए सिस्टम चालू रखें। ऐसा एक फॉर्मल व्हाट्सएप मैसेज में लिखा था। अब चूंकि इसमें 3-4 घंटे का समय लग जाता तो सुबह के ज्यादातर शो कैंसिल ही करने पड़े।
बाद में ऐसी जानकारी मिली कि सुबह 8 बजे के शो कैंसिल होने के बाद सिनेमाघरों में ‘बॉर्डर 2’ की स्क्रीनिंग शुरू हो चुकी है। प्रिंट इशू का मुद्दा सुलझ चुका है और फिल्म अब थिएटर में बढ़िया तरीके से दिखाई जा रही है।
मॉर्निंग शो कैंसिलेशन का ‘बॉर्डर 2’ की कमाई पर पड़ेगा असर?
आपको बता दें कि एडवांस बुकिंग में ही ‘बॉर्डर 2’ ने 22 जनवरी 2026 को 4 लाख से ज्यादा टिकट बेचकर करीब 12.5 करोड़ रुपये की कमाई कर ली थी। ‘बॉर्डर 2’ की प्री-सेल्स ने रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ को भी पीछे छोड़ दिया है, जिसने 9 करोड़ रुपये का ही आंकड़ा पार किया था।
सनी देओल स्टारर को एक्सटेंडेड रिपब्लिक डे वीकेंड का फायदा मिलेगा। ऊपर से, फिलहाल थिएटर में कोई बॉलीवुड फिल्म भी रिलीज नहीं हो रही है। ‘बॉर्डर 2’ को केवल ‘धुरंधर’ से टक्कर मिलेगी और वो भी अब 50 दिन पूरे करने के बाद धीरे-धीरे कमाई कर रही है। ट्रेड ऐनालिस्ट का अनुमान है कि ‘बॉर्डर 2’ भारत में 30-35 करोड़ रुपये से ओपनिंग कर सकती है। मॉर्निंग शो कैंसिलेशन का कमाई पर असर तो पड़ेगा लेकिन फिल्म को मिला धमाकेदार रिस्पॉन्स देखते हुए मेकर्स को फिक्र करने की जरूरत नहीं है।
Published By : Sakshi Bansal
पब्लिश्ड 23 January 2026 at 14:57 IST