अपडेटेड 7 February 2026 at 23:49 IST
Border 2 Box Office Collection Day 16: नहीं थम रही सनी देओल की 'बॉर्डर 2' की रफ्तार, रिलीज के 16वें दिन इतने करोड़ की कमाई
Border 2 Box Office Collection: सनी देओल की फिल्म ‘बॉर्डर 2’ बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है। 1997 की सुपरहिट फिल्म ‘बॉर्डर’ के सीक्वल के तौर पर आई यह वॉर ड्रामा दर्शकों को खूब पसंद आ रही है। यह फिल्म 23 जनवरी 2026 को रिलीज हुई थी।
Border 2 Worldwide Collection: सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी स्टारर फिल्म बॉर्डर 2 बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। रिलीज के 16वें दिन फिल्म ने एक बड़ा मुकाम हासिल करते हुए घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 300 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। भले ही तीसरे हफ्ते में कमाई की रफ्तार थोड़ी धीमी पड़ी हो, लेकिन इसके बावजूद फिल्म दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में सफल रही है।
16वें दिन की कमाई
तीसरे शनिवार यानी रिलीज के 16वें दिन फिल्म ने 4.25 करोड़ रुपये की कमाई की। इसके साथ ही भारत में फिल्म का कुल कलेक्शन 301.50 करोड़ रुपये हो गया है। इससे पहले फिल्म ने पहले दो हफ्तों में ही करीब 295 करोड़ रुपये कमा लिए थे। खास बात यह रही कि 26 जनवरी को फिल्म ने अकेले 59 करोड़ रुपये का बिजनेस किया था।
तीसरे हफ्ते में आई गिरावट
जहां पहले और दूसरे हफ्ते में बॉर्डर 2 ने जबरदस्त कमाई की, वहीं तीसरे हफ्ते में इसकी रफ्तार थोड़ी धीमी हो गई। तीसरे वीकेंड तक आते-आते फिल्म की रोजाना कमाई 3 करोड़ रुपये से नीचे चली गई थी। हालांकि, इसके बावजूद फिल्म ने 300 करोड़ क्लब में अपनी जगह बना ली।
फिर हो सकती है टकरार
अब बॉर्डर 2 को जल्द ही शाहिद कपूर की फिल्म ‘ओ रोमियो’ से कड़ी टक्कर मिलने वाली है, जो अगले हफ्ते सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। माना जा रहा है कि नई फिल्म को ज्यादा स्क्रीन मिलने से बॉर्डर 2 की कमाई पर असर पड़ सकता है। फिर भी, उम्मीद है कि फिल्म अपने लाइफटाइम कलेक्शन में 15 से 20 करोड़ रुपये और जोड़ सकती है। इस तरह इसका कुल कलेक्शन करीब 325 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है। करीब 275 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म के लिए यह एक शानदार प्रदर्शन माना जा रहा है।
सुल्तान और धूम 3 को छोड़ा पीछे
बॉर्डर 2 ने अपनी दमदार कमाई के दम पर कई बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है। फिल्म ने कृष 3, ब्रह्मास्त्र, सिंघम अगेन और कबीर सिंह जैसी हिट फिल्मों को पहले ही पछाड़ दिया था। अब इसने धूम 3 (290 करोड़) और सुल्तान (300 करोड़) को भी पीछे छोड़ दिया है। आने वाले दिनों में फिल्म का लक्ष्य पद्मावत (303 करोड़), वॉर (318 करोड़) और बजरंगी भाईजान (320 करोड़) के आंकड़ों को पार करना है।
असली युद्ध नायकों की कहानी
बॉर्डर 2 की सबसे बड़ी खासियत इसकी कहानी है, जो 1971 के युद्ध के असली नायकों पर आधारित है। वरुण धवन ने परमवीर चक्र से सम्मानित मेजर होशियार सिंह दहिया का किरदार निभाया है। दिलजीत दोसांझ भारतीय वायुसेना के बहादुर अधिकारी फ्लाइंग ऑफिसर निर्मल जीत सिंह सेखों की भूमिका में नजर आए हैं। सनी देओल फिल्म में लेफ्टिनेंट कर्नल फतेह सिंह कालेर बने हैं, जो मेजर जनरल हरदेव सिंह कालेर से प्रेरित किरदार है। अहान शेट्टी ने लेफ्टिनेंट कमांडर एम. एस. रावत का रोल निभाया है, जो भारतीय नौसेना के योगदान को दर्शाता है।
बॉर्डर 2 ने देशभक्ति, इमोशन और दमदार अभिनय के दम पर दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई है। बॉक्स ऑफिस पर 300 करोड़ क्लब में एंट्री के साथ ही फिल्म ने यह साबित कर दिया है कि अच्छी कहानी और सशक्त निर्देशन आज भी दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच सकता है।
यह जरूर पढ़ें: Dhurandhar 2 OTT Release: धुरंधर 2 Netflix पर नहीं, इस प्लेटफॉर्म पर होगी रिलीज, इतने करोड़ में OTT राइट्स को लेकर हुई डील
Published By : Samridhi Breja
पब्लिश्ड 7 February 2026 at 23:49 IST