अपडेटेड 10 November 2025 at 21:13 IST
Prem Chopra Hospitalised: धर्मेंद्र के बाद प्रेम चोपड़ा की तबीयत खराब, लीलावती अस्पताल में हुए भर्ती, जानिए कैसी है हालत
Prem Chopra Hospitalised: जाने-माने कलाकार प्रेम चोपड़ा को मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके परिवार ने इसकी पुष्टि की है।
Prem Chopra Hospitalised: जाने-माने कलाकार प्रेम चोपड़ा को मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके परिवार ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने ये भी बताया कि फिलहाल एक्टर की हालत स्थिर है और चिंता करने वाली कोई बात नहीं है।
गौरतलब है कि बॉलीवुड के हीमैन धर्मेंद्र भी इस समय मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती हैं। उन्हें कुछ दिन पहले ही सांस लेने में समस्या के चलते अस्पताल लाया गया था जहां उनका आईसीयू में इलाज चल रहा है।
प्रेम चोपड़ा हुए लीलावती अस्पताल में भर्ती
आईएएनएस के अनुसार, डॉक्टर जलील पार्कर ने अब प्रेम चोपड़ा के लीलावती अस्पताल में भर्ती होने को लेकर जानकारी दी है। उन्होंने खुलासा किया कि हृदय रोग और वायरल इंफेक्शन के कारण उन्हें लीलावती अस्पताल लाया गया था। हालांकि, डॉक्टर ने आगे यह भी बताया कि उनकी हालत में सुधार के संकेत मिल रहे हैं।
डॉक्टर जलील पार्कर के मुताबिक, “प्रेम चोपड़ा को दो दिन पहले उनके फैमिली कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. नितिन गोखले की देखरेख में लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें हृदय रोग है और उन्हें वायरल और फेफड़ों में इंफेक्शन भी हो गया है”। उन्होंने आगे बताया कि वो इस समय ICU में नहीं हैं, वो रेगुलर वार्ड में हैं और उनकी हालत गंभीर नहीं है।
‘प्रेम चोपड़ा को उम्र संबंधी समस्याएं हैं’
उन्होंने ये भी बताया कि “उन्हें उम्र संबंधी समस्याएं हैं, इसलिए एक बुजुर्ग व्यक्ति को ठीक होने में ज्यादा समय लगता है। वह 90 साल के हैं और उन्हें अगले दो-तीन दिनों में छुट्टी मिल जाएगी। उनकी हालत स्थिर है।”
अब बात करें धर्मेंद्र की तो उनकी तबीयत पिछले कई दिनों से नाजुक चल रही है। उन्हें पिछले हफ्ते ही ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां वो आईसीयू में थे। अब ऐसी खबरें आ रही हैं कि आज उनकी तबीयत और बिगड़ गई। उन्हें फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 10 November 2025 at 20:32 IST