तुषार कपूर और आयुष्मान खुरान को धमकी देने के मामले में मुंबई पुलिस को बड़ी कामयाबी, बेंगलुरु से गिरफ्तार हुआ IT इंजीनियर

मुंबई क्राइम ब्रांच ने बॉलीवुड अभिनेता तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना को जान से मारने की धमकी देने के मामले में बेंगलुरु से वैभव मिश्रा नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से लगातार इन दोनों कलाकारों को धमकियां भेज रहा था। पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि इस धमकी के पीछे कोई व्यक्तिगत रंजिश थी या फिर कोई संगठित गिरोह काम कर रहा है।

तुषार कपूर और आयुष्मान खुरान को धमकी देने के मामले में मुंबई पुलिस को बड़ी कामयाबी, बेंगलुरु से गिरफ्तार हुआ IT इंजीनियर | Image: Instagram

फिल्म एक्टर तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना को ऑडियो मैसेज के जरिए जान से मारने की धमकी देने के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस हाई-प्रोफाइल मामले में क्राइम ब्रांच ने कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से वैभव मिश्रा नाम के एक शख्स को गिरफ्तार कर लिया है।

कौन है आरोपी वैभव मिश्रा?

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी वैभव मिश्रा एक तीस वर्षीय आईटी प्रोफेशनल है, जो बेंगलुरु में काम कर रहा था। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि वैभव ने केवल तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना को ही अपना निशाना नहीं बनाया था, बल्कि बॉलीवुड के कई अन्य नामचीन सेलिब्रिटीज को भी इसी तरह ऑडियो मैसेज भेजकर डराया और धमकाया था।

मुंबई लाई जा रही है आरोपी की ट्रांजिट रिमांड

क्राइम ब्रांच की टीम ने तकनीकी सर्विलांस और पुख्ता सुरागों के आधार पर आरोपी को बेंगलुरु से दबोचा। आरोपी को कोर्ट में पेश करने और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद ट्रांजिट रिमांड पर तुरंत मुंबई लाया जा रहा है। मुंबई पुलिस अब इस बात की गहराई से छानबीन कर रही है कि वैभव के इस नापाक कृत्य के पीछे का असल मकसद क्या था। क्या वह अकेले इस साजिश को अंजाम दे रहा था या फिर इस रंगदारी और धमकी के खेल में उसके साथ कोई और भी शामिल है? पुलिस इस पूरे मामले से जुड़े हर एक पहलू को खंगालने में जुटी हुई है ताकि बॉलीवुड हस्तियों की सुरक्षा से जुड़ा यह सच जल्द से जल्द सामने आ सके।

ये भी पढ़ें - हर महिला अपने पैरों पर खड़ी होगी, हम एक अच्छा पैकेज लेकर आ रहे हैं, नारी गरिमा और उनके स्वावलंबन के लिए डबल इंजन की सरकार काम कर रही है- CM योगी

 

Published By : Aarya Pandey

पब्लिश्ड 4 November 2026 at 16:53 IST