अपडेटेड 27 January 2025 at 12:06 IST
'किसी की भी मुंडी पकड़कर...'; ममता कुलकर्णी को महामंडलेश्वर बनाए जाने पर योग गुरू बाबा रामदेव की तीखी प्रतिक्रिया
Ramdev Baba on Mamta Kulkarni: ममता कुलकर्णी ने संन्यास ले लिया है। उन्हें किन्नर अखाड़े का महामंडलेश्वर बनाया गया है जिसपर रामदेव बाबा ने सवाल उठाए हैं।
Ramdev Baba on Mamta Kulkarni: बॉलीवुड की पूर्व एक्ट्रेस ममता कुलकर्णी ने महाकुंभ 2025 में संन्यास ले लिया है। उन्हें किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर की उपाधि मिली है। हालांकि, कुछ लोग इसपर सवाल उठा रहे हैं। योग गुरू बाबा रामदेव ने भी ममता को महामंडलेश्वर बनाए जाने पर कड़ी नाराजगी जाहिर की है।
गौरतलब है कि ममता कुलकर्णी लगभग 25 सालों बाद भारत लौटी थीं और संन्यास लेकर फैंस को हैरान कर दिया। एक एक्ट्रेस, खासतौर पर एक महिला को किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर बनाए जाने पर जमकर विवाद हो रहा है। इसमें बाबा रामदेव भी शामिल हो गए हैं जिन्होंने सवाल किया कि एक दिन में कोई संत कैसे बन सकता है।
ममता कुलकर्णी बनीं महामंडलेश्वर तो भड़के रामदेव बाबा
बाबा रामदेव ने हाल ही में मीडिया से बातचीत में ममता कुलकर्णी को महामंडलेश्वर बनाए जाने के फैसले का विरोध किया और कहा- “कोई एक दिन में संतत्व को उपलब्ध नहीं हो सकता। उसके लिए सालों की साधना लगती है। आज आपके सामने स्वामी रामदेव भी खड़ा है। हम लोगों को इस साधुता को पाने में 50-50 सालों का तप लगा है। और इसको संतत्व कहते हैं। संत होना, साधु होना बड़ी बात है”।
उन्होंने आगे कहा- “महामंडलेश्वर तो बहुत बड़ा तत्व है। आजकल तो मैं देख रहा हूं कि किसी की भी मुंडी पकड़कर महामंडलेश्वर बना दिया। ऐसा नहीं होता”।
जगतगुरु हिमांगी सखी ने भी उठाए थे सवाल
रामदेव बाबा से पहले किन्नर कथावाचक जगतगुरु हिमांगी सखी ने भी ममता कुलकर्णी को महामंडलेश्वर बनाए जाने पर आपत्ति जताई थी। उन्होंने रिपब्लिक भारत से खास बातचीत में सवाल किया कि क्या ममता किन्नर हैं? उन्होंने कहा कि “ममता कुलकर्णी किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर बनी हैं। यह नाम क्यों दिया गया? किन्नर के लिए दिया गया है। किन्नर को सशक्त बनाने के लिए दिया गया है। क्या ममता कुलकर्णी किन्नर हैं, जो उन्हें वहां स्थान दिया गया”।
Published By : Sakshi Bansal
पब्लिश्ड 27 January 2025 at 12:06 IST