अपडेटेड 12 February 2026 at 17:39 IST
Rajpal Yadav: 11 करोड़ की फिल्म से सिर्फ इतनी हुई कमाई... एक मूवी, जिसके भंवरजाल में फंसकर तिहाड़ जेल पहुंच गए राजपाल यादव
राजपाल यादव चेक बाउंस केस में फंसे हैं। उन्होंने 2010 में अपनी एक फिल्म के लिए 5 करोड़ रुपये का लोन लिया था। फिल्म फ्लॉप रही और सिर्फ 47 लाख ही कमाए।
Rajpal Yadav Case : मशहूर कॉमेडियन और अभिनेता राजपाल यादव इन दिनों एक बड़ी मुसीबत में फंसे हुए हैं। दिल्ली की तिहाड़ जेल में वे कुछ दिनों से बंद हैं। यह सब एक पुराने केस की वजह से हुआ है, जो करीब 9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस से जुड़ा है।
साल 2010 में राजपाल यादव ने अपनी पहली फिल्म बनाने का फैसला किया। फिल्म का नाम था 'अता पता लापता'। इसे उन्होंने खुद डायरेक्ट किया था और उनकी पत्नी राधा यादव ने प्रोड्यूस किया था। फिल्म बनाने के लिए उन्होंने एक प्राइवेट कंपनी से 5 करोड़ रुपये का लोन लिया था। फिल्म का बजट लगभग 11 करोड़ रुपये था। यह फिल्म 2 नवंबर 2012 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। लेकिन बॉक्स ऑफिस पर यह पूरी तरह फ्लॉप रही। फिल्म ने करीब 47 लाख रुपये ही कमाए।
फ्री में देख सकते हैं फिल्म
'अता पता लापता' एक कॉमेडी-सटायर फिल्म थी। कहानी एक ऐसे आदमी की थी, जो अपनी गाड़ी चोरी होने की रिपोर्ट पुलिस में देता है, लेकिन असल में खुद ही चोरी का नाटक करता है ताकि इंश्योरेंस का पैसा मिले। फिल्म में मीडिया और पुलिस सिस्टम पर भी व्यंग्य था। इसमें राजपाल यादव के अलावा गोविंद नामदेव, ओम पुरी, असरानी और अशुतोष राणा जैसे कलाकार थे।
अब यह फिल्म यूट्यूब पर फ्री में उपलब्ध है। कई लोग इसे देख रहे हैं और कुछ फैंस इसे फिर से रिलीज करने की मांग भी कर रहे हैं, ताकि राजपाल यादव को कुछ मदद मिल सके।
चेक बाउंस कैसे हुआ?
लोन चुकाने के लिए राजपाल यादव ने कंपनी को चेक दिया था, लेकिन पैसे न होने की वजह से वे चेक बाउंस हो गए। समय के साथ ब्याज और जुर्माना जुड़ता गया। अब कुल बकाया राशि लगभग 9 करोड़ रुपये हो गई है। कंपनी उनके खिलाफ चेक बाउंस केस दर्ज कराया है। कोर्ट ने कई बार राजपाल यादव को मौका दिया कि वे पैसा चुकाएं, लेकिन वे समय पर पूरा भुगतान नहीं कर पाए। 5 फरवरी 2026 को राजपाल यादव को तिहाड़ जेल में सरेंडर करना पड़ा।
बॉलीवुड से मिला साथ
इस मुश्किल वक्त में कई बॉलीवुड सितारे राजपाल यादव के साथ खड़े हुए हैं। सोनू सूद, सलमान खान, अजय देवगन, वरुण धवन जैसे लोगों ने उनकी मदद की बात कही है।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 12 February 2026 at 17:39 IST