'जब उस पार पहुंच जाउंगी तो मोक्ष मिलेगा...', निधन के बाद आशा भोसले का आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट वायरल, जानें जीवन-मृत्यु पर क्या लिखा था
Asha Bhosle Last Post: आशा भोसले के निधन से पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है। इसी बीच दिग्गज गायिका के इंस्टाग्राम का आखिरी पोस्ट वायरल होने लगा है। इसमें उन्होंने उस पार पहुंचने के बारे में और मोक्ष मिलने के बारे में लिखा है।
Asha Bhosle Last Post: दिग्गज गायिकी आशा भोसले ने 92 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया है। प्लेबैक सिंगर के निधन से पूरे देश में शोक की लहर है। इसी बीच उनके इंस्टाग्राम का आखिरी पोस्ट काफी वायरल हो रहा है। इसमें उन्होंने जीवन और मृत्यु की बातें लिखीं थीं। बता दें कि आशा भोसले अपने फैंस से सोशल मीडिया के जरिए जुड़ी रहती थीं। आए दिन वह अपनी लाइफ से जुड़े अपडेट्स शेयर करती रहती थीं।
आखिरी पोस्ट में लिखी अनोखी बात
आशा भोसले ने 18 मार्च को इंस्टाग्राम पर अपनी आखिरी पोस्ट शेयर किया था। इस पोस्ट में उन्होंने इंटरनेशनल बैंड गोरिल्लाज के साथ एक तस्वीर शेयर की थी, जिसमें उनका सादगी भरा और शांत अंदाज झलक रहा है। तस्वीर के बैकग्राउंड में भारतीय संस्कृति की झलक दिखाई दे रही थी, जिसमें गंगा, घाट और लाइफ के रंग दिख रहे हैं।
अपने पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने वाराणसी और पवित्र गंगा नदी के किनारे बिताए अनुभवों का जिक्र किया था। उन्होंने लिखा था कि इस यात्रा के दौरान उन्हें जीवन का असली अर्थ समझ आया कि वह कौन हैं और इस धरती पर उनका उद्देश्य क्या है। उन्होंने अपनी संगीत की जर्नी को एक मांझी की तरह बताया, जो उन्हें जीवन रूपी नदी को पार कराने में मदद कर रहा है।
‘मोक्ष’ को लेकर लिखी दिल छू लेने वाली बातें
आशा भोसले ने अपने पोस्ट में आगे लिखा था कि जब वह जीवन की इस यात्रा के अंत में उस पार पहुंचेंगी, तब उन्हें मोक्ष की प्राप्ति होगी। वह उन अनगिनत आवाजों का हिस्सा बन जाएंगी जो इस संसार में गूंजती रहती हैं। उनके इन शब्दों ने फैंस को भावुक कर दिया है और अब लोग इसे उनकी आध्यात्मिक सोच और जीवन की गहराई से जोड़कर देख रहे हैं।
निधन के बाद चर्चा में आया पोस्ट
गौरतलब है कि 11 अप्रैल को कार्डियक अरेस्ट के बाद उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने 12 अप्रैल को अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से पूरे देश में शोक की लहर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई बड़ी हस्तियों ने शोक जताया है। आशा भोसले का जाना सिर्फ एक कलाकार का जाना नहीं, बल्कि भारतीय संगीत के एक युग का अंत है।
Published By : Kirti Soni
पब्लिश्ड 12 April 2026 at 14:46 IST