Asha Bhosle Death: 10 साल की उम्र में थामा था माइक, अब 92 पर थमीं सांसें... सुरों के समंदर में डूबी वो 'जिद्दी' आशा
Asha Bhosle Passes Away: आशा भोसले का निधन हो गया है। क्या आपको पता है कि उनका बड़ी बहन लता मंगेशकर के साथ तकरार का रिश्ता रहा था। आज दिग्गज के जाने के बाद लोग उन्हें गमगीन आंखों के साथ याद कर रहे हैं।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read

Asha Bhosle Passes Away: मशहूर गायिका आशा भोसले का निधन हो गया है। 92 साल की उम्र में दिग्गज गायिका ने अंतिम सांस ली। 11 अप्रैल की शाम उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया था, जिसके बाद उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। उनके निधन से पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है और फैंस का दिल टूट गया है। लीजेंडरी सिंगर के जाने के बाद उनकी स्ट्रगल और लाइफ पर आइए एक नजर डालते हैं।
10 साल की उम्र में आशा भोसले ने शुरू किया था सफर
आशा भोसले ने बेहद कम उम्र में ही अपनी जिंदगी की जिम्मेदारियां संभालनी शुरू कर दी थीं। साल 1943 में अपने पिता दीनानाथ मंगेशकर के निधन के बाद उन्होंने सिर्फ 10 साल की उम्र में गाना गाना शुरू किया था। उनका पहला गाना एक मराठी फिल्म में रिकॉर्ड हुआ था। उस वक्त उन्हें माइक तक का अनुभव नहीं था, लेकिन वहीं से उनके सुनहरे सफर की शुरुआत हुई।
16 साल की उम्र में कर ली थी शादी
सिर्फ 16 साल की उम्र में उन्होंने गणपतराव भोसले से शादी कर ली थी, जो परिवार को मंजूर नहीं थी। इस फैसले के कारण उन्हें पर्सनल लाइफ में कई उतार-चढ़ाव देखने पड़े। शादीशुदा जिंदगी भी ज्यादा सफल नहीं रही और कुछ सालों बाद उन्होंने अपने बच्चों के साथ अलग रहने का फैसला लिया। इसके बावजूद उन्होंने कभी हार नहीं मानी और अपने करियर पर फोकस बनाए रखा।
8 दशक तक संगीत जगत पर किया राज
करीब 8 दशकों तक सक्रिय रहीं आशा भोसले ने 20 से ज्यादा भाषाओं में 12 हजार से अधिक गाने गाए। उनका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में भी दर्ज है। उन्होंने हर दौर के संगीत के साथ खुद को ढाला और ‘पिया तू अब तो आजा’ से लेकर ‘दिल चीज क्या है’ जैसे कई आइकॉनिक गाने दिए। अपने करियर में उन्होंने मोहम्मद रफी, किशोर कुमार जैसे महान गायकों के साथ काम किया। वहीं संगीतकार आर.डी.बर्मन के साथ उनकी जोड़ी भी काफी चर्चित रही। बाद में दोनों ने शादी भी कर ली थी।
Advertisement
लता मंगेशकर संग कैसा था रिश्ता
लता मंगेशकर की छोटी बहन होने के बावजूद उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई। दोनों के बीच गहरा रिश्ता था, उनके बीच मुश्किलें तभी पैदा हुईं, जब आशा भोसले ने अचानक 16 साल की उम्र में शादी का फैसला लिया था। लेकिन जब सिंगर ने अपने बेटे हेमंत भोसले को जन्म दिया, तब परिवार के बीच हुए सभी झगड़े सुलझ गए. आशा भोसले और उनकी बहन लता मंगेशकर पर्सनली काफी अच्छा रिश्ता शेयर करती थीं। हालांकि प्रोफेशनल लाइफ में एक हेल्दी प्रतिस्पर्धा भी देखने को मिलती थी।